.
मोतीनगर थाना पुलिस ने सोमवार को डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। कनेरादेव निवासी आरोपी पप्पू पटेल पिता इमरत पटेल, उम्र 33 साल वारदात के बाद से पिछले 9 माह से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने 3 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया था। सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने आरोपी से लूट की कुछ राशि बरामद की है, बाकी रकम को लेकर तफ्तीश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर 2024 की सुबह करीब 6 बजे खुरई रोड स्थित ओवरब्रिज पर सिंधी कैंप निवासी सुनील लहरवानी के साथ लूट की घटना हुई थी। सुनील घर से 45.50 लाख रुपए लेकर मोपेड से निकले थे। ओवर ब्रिज पर आरोपियों ने रास्ता रोककर सुनील की आंखों में मिर्ची पाउडर मारा और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। मामले में मोतीनगर पुलिस ने कुल 13 आरोपियों पर डकैती सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस ने विवेचना के दौरान डकैती में शामिल 12 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद करते हुए जेल भेज दिया था, लेकिन आरोपी पप्पू पटेल घटना के बाद से फरार था। सोमवार को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर सूचना तंत्र के माध्यम से फरार आरोपी पप्पू पटेल पिता इमरत पटेल निवासी कनेरादेव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ जारी है, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया है।