पीएम का जन्मदिन बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया:विदिशा में कांग्रेसियों ने पकौड़े तले; कहा- सरकार वादे पूरे करने में विफल रही

पीएम का जन्मदिन बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया:विदिशा में कांग्रेसियों ने पकौड़े तले; कहा- सरकार वादे पूरे करने में विफल रही




विदिशा में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कांग्रसियों ने पकौड़े तले। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया। कांग्रेसियों ने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। वह छोटे काम करके काम चला रहे हैं। सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता और बेरोजगार युवा माधवगंज चौराहे पर एकत्रित हुए। इस दौरान एमबीए और उच्च शिक्षित युवाओं ने पकौड़े तलकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप- वादे पूरे करने में विफल रही सरकार
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पढ़े-लिखे युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं और उन्हें छोटे-मोटे काम करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने विदिशा में रेल कारखाना खोलने के भाजपा सरकार के वादे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई साल बाद भी केवल खाली इमारत खड़ी है और कोई उत्पादन शुरू नहीं हुआ है। रघुवंशी ने इसे सरकार की ‘जुमलेबाजी’ और युवाओं को गुमराह करने का तरीका बताया।कांग्रेस नेता संतोष कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने के वादे पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत, हर साल 2 करोड़ लोग बेरोजगार हो रहे हैं। कुशवाहा के अनुसार, 2014 से 2025 तक देश में लगभग 22 करोड़ लोग बेरोजगारी का शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसी कारण कांग्रेस ने पकौड़े तलकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन ‘बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाने का उद्देश्य सरकार का ध्यान बेरोजगार युवाओं की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी।



Source link