शाजापुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 28 में स्थित एक नाले में भारी गंदगी जमा होने से स्थानीय रहवासी गंभीर रूप से परेशान हैं। नाले में गंदगी के कारण बड़ी संख्या में मृत और जीवित मछलियाँ पाई जा रही हैं, साथ ही जहरीले जीव-जंतु भी दिखाई दे रहे हैं।
.
स्थानीय निवासिय अशोक सोनी के अनुसार, नाले से सांप निकलकर घरों में घुस रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुछ समय पहले एक युवक अपनी मोटरसाइकिल सहित इसी नाले में गिर गया था, और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं। रहवासियों का आरोप है कि नगरपालिका की लापरवाही के कारण किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों ने नगरपालिका और वार्ड पार्षद को कई बार नाले की सफाई के लिए शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यह नाला पास के गिरवर तालाब में मिलता है, जिससे तालाब और उसके आसपास के जीव-जंतु भी इस नाले में आते रहते हैं।
वार्डवासी आजाद यादव ने बताया कि यदि नगरपालिका ने शीघ्र ही नाले की साफ-सफाई नहीं करवाई तो वे नगरपालिका में विरोध प्रदर्शन कर धरना देंगे।
इस संबंध में वार्ड पार्षद मुकेश दुबे ने स्वीकार किया कि नाले की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि यह मामला आधे घंटे पहले ही उनके संज्ञान में आया है और उन्होंने नगरपालिका को अवगत करा दिया है। पार्षद ने कहा कि आज शहर में प्रभारी मंत्री का दौरा है, जिसके कारण नगरपालिका का पूरा अमला वहां व्यस्त है। प्रभारी मंत्री के जाते ही नाले की साफ-सफाई करवा दी जाएगी।
