Last Updated:
Burhanpur News: मध्य प्रदेश में जाते-जाते मानसून ने फिर तबाही मचा दी. बुरहानपुर में आधी रात से हो रही बारिश ने बुधवार को विकराल रूप धारण कर लिया. इससे सड़कें तालाब, खेत नदी बन गए…
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में मानसून का अंतिम दौर बेहद खतरनाक साबित हुआ है. मंगलवार आधी रात से शुरू हुई मूसलधार बारिश ने पूरे शहर और आसपास के इलाकों में हाहाकार मचा दिया. पिछले 24 घंटों में भारी वर्षा के कारण निचली बस्तियां जलमग्न हो गईं, फसलें बर्बाद हो गईं और कई जगहों पर जानमाल का खतरा बढ़ गया. यह मानसून में पहली बार इतनी भीषण बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोग दहशत में हैं और किसान मायूस हो चुके हैं.
फसलें तबाह, किसान दुखी
खकनार क्षेत्र के ताजनापुर, सिरपुर, डोईफोड़िया और नांदुराखुर्द गांवों में निचली बस्तियां पूरी तरह पानी में डूब गईं. बाढ़ के पानी में बहकर तीन पशुओं की मौत हो गई, जबकि खेतों में लगे करीब 6 हजार केले के पौधे, मक्का और सोयाबीन की फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं. किसानों का कहना है कि इस साल की मेहनत मिट्टी में मिल गई. चिल्लारा की मोहना नदी उफान पर आ गई, जिसमें तीन ट्रैक्टर बह गए.
खेरखेड़ा में केले की फसल काट रहे 10 मजदूर बाढ़ के पानी में फंस गए. स्थानीय प्रशासन ने रस्सी के सहारे उन्हें बचाया. मजदूरों ने बताया कि अचानक पानी का स्तर बढ़ने से वे भाग ही नहीं सके. शहर में आधी रात के बाद हुई तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे बिजली सप्लाई ठप हो गई. सिंधीबस्ती के पेट्रोल पंप पर दो फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई. सड़कें तालाब बन गईं, ट्रैफिक जाम हो गया और लोग घरों में कैद हो गए.
प्रशान अलर्ट, किसानों ने मांगा मुआवजा
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के कारण पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी था. बुरहानपुर में अब तक औसत से कम वर्षा होने के बावजूद यह अचानक का दौर आया. प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए. एसडीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को भोजन और दवाइयां वितरित की जा रही हैं. एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट किया गया है. किसान संगठनों ने मुआवजे की मांग की है.
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म… और पढ़ें