Neeraj Chopra vs Arshad Nadeem World Athletics Championships: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आज भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतने उतरेंगे. गुरुवार (18 सितंबर) को वह अपने खिताब को बचाने उतरेंगे. पिछली बार बुडापेस्ट में उन्होंने पहला स्थान हासिल किया था. अब टोक्यो में इस बार उनके ऊपर सबकी नजरें होंगी. यह शहर नीरज के लिए लकी रहा है. यहीं पर उन्होंने ओलंपिक गोल्ड जीता था. फाइनल में नीरज का मुकाबला पाकिस्तान के अरशद नदीम से होगा. इस तरह दुबई में चल रहे क्रिकेट एशिया कप के अलावा जापान में भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी आमने-सामने होंगे.
इन खिलाड़ियों से नीरज की टक्कर
भारतीय सुपरस्टार टोक्यो में अपने खिताब का बचाव करने के लिए तैयार हैं और उनका मुकाबला दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों से होगा. इनमें उनके हमवतन सचिन यादव, एंडरसन पीटर्स, जूलियन वेबर भी शामिल हैं.नीरज ने बुधवार को सिर्फ एक थ्रो किया और 84.85 मीटर के थ्रो के साथ 84.50 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क को पार कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
फाइनल में पहुंचे 12 खिलाड़ी
कुल 37 खिलाड़ियों में से 12 ने फाइनल में जगह बनाई, जिनमें से सात ने सीधे क्वालिफिकेशन हासिल की. एंडरसन पीटर्स, जूलियन वेबर, जूलियस येगो, डेविड वेगनर, अरशद नदीम, नीरज चोपड़ा और कर्टिस थॉम्पसन ने क्वालिफिकेशन मार्क को पार करके जगह बनाई, जबकि बाकी पांच खिलाड़ियों ने क्वालिफिकेशन राउंड के बाद जगह बनाई. नदीम ने शुरुआती चरणों में संघर्ष करने के बाद अपने आखिरी थ्रो से क्वालिफ़िकेशन हासिल की. सचिन को फाइनल में अपना स्थान जानने के लिए आखिरी तक इंतजार करना पड़ा और वह गुरुवार को मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ एक बड़ा उलटफेर करने का लक्ष्य रखेंगे.
ये भी पढ़ें: पहले नौटंकी, फिर ‘छोटी’ टीम पर जीत और अब भारत को गीदड़भभकी… सपने देख रहे सलमान, IND vs PAK मैच पर बड़ा बयान
महामुकाबले के लिए तैयार नीरज
सभी की निगाहें इस इवेंट के दौरान नीरज पर होंगी और पाकिस्तान के नदीम के खिलाफ उनके मुकाबले की खबरें सुर्खियों में छाई रहेंगी. भारतीय खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए तैयार है. यह उनके सीजन का आखिरी मुकाबला है, जिसमें वह पहले ही 90 मीटर के निशान को पार कर चुके हैं. नीरज ने कहा, “यह सीजन का आखिरी मुकाबला है और मेरा ध्यान सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर है.”
ये भी पढ़ें: रमीज राजा की बदजुबानी, मैच रेफरी को बताया ‘फिक्सर’, खुल गया मोहसिन नकवी की ‘नौटंकी’ का राज
लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में नीरज चोपड़ा के फाइनल मैच कितने बजे शुरू होगा?
जेवलिन थ्रो का फाइनल गुरुवार (18 सितंबर) को भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे से शुरू होगा.
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में जेवलिन थ्रो का फाइनल कहां और कब देखें?
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में जेवलिन थ्रो के फाइनल का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट 1 और सेलेक्ट 1 HD पर किया जाएगा.
लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में जेवलिन थ्रो फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं.