भोपाल के अयोध्या नगर पुलिस ने चोरी की बाइक से झपटमारी करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 बाइक, 13 मोबाइल समेत 12 लाख का सामान बरामद किया गया है। तीन आरोपी गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे।
.
गुरुवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया। आरोपियों की खोजबीन के लिए पुलिस ने 100 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने महंगे शौक व नशा पार्टी के लिए वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में हो रही मोबाइल झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर आरोपियों की पड़ताल की जा रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर नवनिर्मित हाउसिंग बोर्ड मल्टी अयोध्या एक्सटेंशन अयोध्या नगर से दो नाबालिग लड़कों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
नाबालिग लड़कों से की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके साथी रवि पाल (27) निवासी क्रेशर बस्ती सूखी सेवनिया को चोरी की स्प्लेंडर के साथ दबोचा। दोनों नाबालिग समेत तीनों आरोपियों से पूछताछ करने पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गईं कुल 10 मोटरसाइकिल और झपटमारी के 13 मोबाइल फोन समेत करीब 12 लाख रुपए का मशरुका बरामद किया गया।
जानिए आरोपियों ने पूछताछ में क्या खुलासे किए
आरोपियों ने खुलासा करते हुए बताया कि वाहन चोरी करने के बाद गाड़ी की नंबर प्लेट निकाल देते थे और फिर उसी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर राहगीरों के मोबाइल फोन छीन लेते थे। बाद में ग्राहक मिलने पर चोरी की मोटरसाइकिल बेच देते थे।
पुलिस ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल बेचने की फिराक में ही तीनों आरोपियों को दबोचा गया है। आरोपियों ने ईरानी डेरे में झपटमारी के कई मोबाइल बेचना कुबूल किया है। पुलिस ने चोरी के दोपहिया वाहन भेल के पुराने टूटे खंडहरों से जब्त किए हैं।
काउंसिलिंग के बाद भी अपराध छोड़ने को तैयार नहीं
एक 17 साल का नाबालिग आरोपी गोविंदपुरा गेट के पास अशोका गार्डन का रहने वाला है। उसके खिलाफ अशोका गार्डन व अयोध्या नगर समेत विभिन्न थानों में 14 अपराध वाहन चोरी व झपटमारी के दर्ज हैं। एक अन्य 16 साल के बाल अपचारी के खिलाफ 7 अपराध पंजीबद्ध हैं, जबकि आरोपी रवि पाल के खिलाफ कुल 4 अपराध सूखी सेवनियां और अयोध्या नगर थाने में पंजीबद्ध हैं। पुलिस ने बताया कि पुलिस और किशोर इकाई ने कई बार नाबालिग लड़कों की काउंसलिंग कराई लेकिन उन्होंने चोरी करना नहीं छोड़ा।