धार नगर पालिका में एडीएम का औचक निरीक्षण: सीएमओ समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले; कारण बताओ नोटिस जारी – Dhar News

धार नगर पालिका में एडीएम का औचक निरीक्षण:  सीएमओ समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले; कारण बताओ नोटिस जारी – Dhar News



धार नगर पालिका में स्वच्छता पखवाड़े के तहत शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संयुक्त कलेक्टर एवं डूडा प्रभारी नौकीरण कौर अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचीं। उनके औचक दौरे से नगर पालिका स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

.

निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर ने स्वच्छता पखवाड़े की प्रगति, सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति की गहनता से जांच की। इस दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) विश्वनाथ सिंह भी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इस पर नौकीरण कौर ने कड़ी नाराजगी जताई और फटकार लगाई।

बाद में सीएमओ नगर पालिका पहुंचे। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से दर्ज नहीं की जा रही थी। संयुक्त कलेक्टर ने बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए 13 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नौकीरण कौर ने स्वच्छता, राजस्व और निर्माण शाखा की फाइलें भी चेक कीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान तय कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

संयुक्त कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि व्यवस्था में और सुधार हो सके।



Source link