14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को हुए भारत पाकिस्तान मैच के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद PCB यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे साख का मुद्दा बना लिया।
इसके लिए PCB ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC से शिकायत और पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की। इस ‘हैंडशेक विवाद’ के कारण पाइक्रॉफ्ट लगातार चर्चा में हैं।

पाइक्रॉफ्ट ने जिम्बाब्वे (तब रोडेशिया) के लिए घरेलू क्रिकेट में शुरुआत की। इस दौरान उनके अच्छे प्रदर्शन के चलते उनका सिलेक्शन इंटरनेशनल टीम में हुआ। फिर 9 जून, 1983 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटिंघम में वनडे डेब्यू हुआ। उन्होंने 1983 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 104 रन की पारी खेली, जो उनकी पहचान बनाई।
3 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को रिप्रेजेंट किया
उन्होंने अपने करियर के दौरान कुल 20 वनडे मैचों में 17.35 की एवरेज से 295 रन बनाए। उनका आखिरी वनडे मैच 18 मार्च, 1992 को ऑस्ट्रेलिया के एल्बरी में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। पाइक्रॉफ्ट ने 1983, 1987, और 1992 के विश्व कप में जिम्बाब्वे को रिप्रेजेंट किया।
भारत के खिलाफ हुआ था टेस्ट डेब्यू
पाइक्रॉफ्ट का टेस्ट डेब्यू भारत के खिलाफ हुआ था। उन्होंने 18 अक्टूबर, 1992 में हरारे में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि, पाइक्रॉफ्ट ने मात्र 3 टेस्ट मैच खेले और 30.40 के एवरेज से कुल 152 रन ही बनाए। इन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 7 से 12 नवंबर, 1992 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हरारे में खेला। इसी साल पाइक्रॉफ्ट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से औपचारिक रूप से रिटायरमेंट लिया।
रिटायरमेंट के बाद, वे जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के कोच और सिलेक्टर बने। इस दौरान उन्होंने यंग प्लेयर्स को ट्रेनिंग दी और जिम्बाब्वे क्रिकेट को मजबूत करने में योगदान दिया।

पाइक्रॉफ्ट उस मैच में खेले थे, जिसमें कपिल देव ने 175 रनों की पारी खेली थी।
2009 में मैच रेफरी बने
मार्च 2009 में ICC एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी में शामिल हुए। उन्होंने 103 टेस्ट, 242 वनडे और 60 T20 मैचों में डिसीजन दिया है। वो इस समय चौथे सबसे अनुभवी रेफरी हैं।
कोहली पर जुर्माना लगा चुके हैं
एंडी पाइक्रॉफ्ट इंडिया और ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान मैच रेफरी थे। इसी टूर्नामेंट के मेलबर्न टेस्ट के दौरान विराट कोहली ने सैम कोंस्टस को धक्का मारा था। इसके चलते पाइक्रॉफ्ट ने कोहली पर मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया था।
सैंडपेपर गेट के दौरान मैच रेफरी थे पाइक्रॉफ्ट
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया की टीम बॉल टेम्परिंग करते हुए पकड़ी गई थी। ये मैच सैंडपेपर गेट टेस्ट के नाम से जाना जाता है। इस मैच के दौरान एंडी पाइक्रॉफ्ट मैच रेफरी थे।
पाइक्रॉफ्ट ने ही ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ पर एक टेस्ट का प्रतिबंध और उनकी मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया था। उन्होंने कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर मैच फीस का 75 प्रतिशत काटने के अलावा तीन डिमेरिट अंक दिए थे।
लाइव मैच के दौरान बैनक्रॉफ्ट सैंडपेपर के एक टुकड़े के साथ पकड़े गए थे, जिसे वह गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में काफी हंगामा हुआ और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आखिरकार स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगा दिया, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का निलंबन लगाया गया।
———————
ये खबर भी पढ़ें…
US ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ब्रेंडन लिंच भारत पहुंचे: भारत समेत 15 देशों की ट्रेड डील के जिम्मेदार, तय होगी छठे राउंड की बातचीत; जानें कंप्लीट प्रोफाइल

डोनाल्ड ट्रम्प के 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद पहली बार मंगलवार, 16 सितंबर को अमेरिका और भारत में ट्रेड डील पर बातचीत हुई। इस बातचीत के लिए अमेरिका के असिस्टेंट ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ब्रेंडन लिंच एक डेलीगेशन के साथ भारत आए हैं। पढ़ें पूरी खबर…