भारत और पाकिस्तान के बीच 21 सितंबर को होने वाले एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाने के बाद टीम इंडिया की नजरें एक बार फिर चिर प्रतिद्वंदी को पटखनी देने पर होंगी. इस महामुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों को सावधान रहने की जरूरत है, खासकर अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन को फॉर्म में हैं. वो इसलिए क्योंकि पाकिस्तान के महान तेज वसीम अकरम न शाहीन शाह अफरीदी को भारत के खिलाफ विकेट चटकाने का फॉर्मूला बताया है. उन्होंने कहा है कि शाहीन को प्लान बी के साथ भारत के खिलाफ मैच में उतरना होगा.
जीत के रथ पर सवार भारत
भारतीय टीम जीत के रथ पर सवार है. एशिया कप 2025 का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच काफी रोमांचक रहा, जहां ओमान ने शक्तिशाली भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी. पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने संजू सैमसन के 56 रनों की बदौलत 20 ओवर में 188/8 का स्कोर बनाया. जवाब में, ओमान ने बल्ले से जोरदार संघर्ष किया, लेकिन 167/4 तक ही सीमित रहे और 21 रन से मैच हार गए. मैच हारने के बावजूद ओमान के लिए कुछ यादगार पल रहे, खासकर शाह फैसल द्वारा शुभमन गिल को 5 रन पर आउट करना.
अकरम ने अफरीदी को दिया फॉर्मूला
दूसरे ओवर के दौरान फैसल ने एक फुल डिलीवरी फेंकी जिसने गिल की ऑफ स्टंप उखाड़ दिया और ओमान को सिर्फ 9 गेंदों में ही पहली सफलता दिलाई. इस विकेट को देखकर, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने शाहीन अफरीदी को फैसल से सीखने और भारत के खिलाफ आगामी सुपर-4 मैच के लिए उसी तरह से तैयारी करने की सलाह दी. अपने ग्रुप स्टेज मैच में, शाहीन कोई विकेट नहीं ले पाए और दो ओवरों में 23 रन दिए. अकरम ने शाहीन को बहुत ज्यादा यॉर्कर नहीं डालने की सलाह दी.
प्लान बी के साथ उतरेंगे शाहीन!
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर अकरम ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि शाहीन अफरीदी शुरुआत में ऐसा ही करें, क्योंकि अब पूरी दुनिया को उनके खिलाफ की योजना पता है. वे कहते हैं, ‘ठीक है, वह शुरुआत में यॉर्कर ही डालेंगे.’ इसलिए अफरीदी को एक प्लान बी की जरूरत है. उन्हें इस लेंथ पर गेंदबाजी करनी चाहिए.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं कभी-कभार यॉर्कर डालने के पक्ष में हूं, लेकिन लगातार दो या तीन यॉर्कर नहीं, क्योंकि अगर वह एक भी चूक जाते हैं, तो दो फील्डर के बाहर होने पर गेंद बाउंड्री के लिए चली जाती है. इससे वह खुद पर दबाव डाल लेते हैं. मैं जानता हूं कि वह आक्रामक होने और विकेट लेने के बारे में सोचते हैं, लेकिन लेंथ बॉल के साथ मिश्रण करना बेहतर है. एक यॉर्कर, हां – लेकिन तुरंत नहीं और हर गेंद पर नहीं.’