अशोकनगर में कंप्यूटर बाबा ने गायों को राजमाता का दर्जा देने और प्रदेश में गौ-अभ्यारण्य की स्थापना की मांग की है। रविवार को गांधी पार्क में उन्होंने गायों के लिए दुकान-दुकान जाकर दान मांगा। साथ ही लोगों को जन-जागरण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
.
कंप्यूटर बाबा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर गायों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि 14 अक्टूबर को गायों के साथ मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इससे पहले प्रदेशभर में जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।
यदि सरकार मांगें नहीं मानती है तो 7 अक्टूबर से होशंगाबाद से भोपाल तक गौ-यात्रा निकाली जाएगी। 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। गायों के गले और सींगों में ज्ञापन बांधकर उन्हें सीधे मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
कंप्यूटर बाबा ने प्रदेश में गोशालाओं की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गोशालाएं ठीक से नहीं चल रही हैं। इस कारण गायें सड़कों पर मर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 11 बूचड़खाने बन चुके हैं।
कंप्यूटर बाबा ने अशोकनगर के लोगों, गौ सेवकों और सनातन धर्मावलंबियों से 14 अक्टूबर को भोपाल आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक, संवेदनात्मक और सांस्कृतिक आंदोलन है। इसे हर नागरिक का समर्थन मिलना चाहिए।