दमोह जिला अस्पताल में रविवार दोपहर करीब 3 बजे 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
.
मृतक की पहचान मुन्ना खान के रूप में हुई है, जो छह दिन से सांस की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती थे। ड्यूटी नर्स ने बताया कि मुन्ना खान अस्पताल में अकेले ही इलाज करा रहे थे। उनके परिवार का कोई भी सदस्य उनसे मिलने नहीं आता था।
वह अचानक दूसरी मंजिल के 62 नंबर कमरे से बाहर निकले और छलांग लगा दी। नीचे मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें उठाया और कैजुअल्टी वार्ड में ले गए। डॉक्टरों ने ईसीजी और सीपीआर दिया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और अस्पताल के रिकॉर्ड के आधार पर मुन्ना खान के परिजनों को खोजकर उन्हें अस्पताल बुलाया। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
सिविल सर्जन प्रहलाद पटेल ने बताया कि यह जांच का विषय है कि आखिर बुजुर्ग ने आत्महत्या क्यों की?
इसके पहले भी एक व्यक्ति ने कूदकर दी थी जान
दमोह जिला अस्पताल की बिल्डिंग से कूदने का यह दूसरा मामला है। करीब 2 महीने पहले भी इसी तरह एक व्यक्ति अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूद गया था और उसकी मौत हो गई थी। हालांकि उस व्यक्ति ने अस्पताल के स्टाफ पर जानलेवा हमला करने का भी प्रयास किया था। बाद में परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर आरोप लगाया था कि जब अस्पताल में सुरक्षा कर्मी मौजूद थे तो उन्होंने कूदने से बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया।