भारत ने पाकिस्तान को हफ्तेभर में लगातार दूसरी बार शिकस्त दी. एशिया कप 2025 के पहले ग्रुप स्टेज में पहले 7 विकेट से धूल चटाई, फिर 21 सितंबर को दुबई के मैदान पर ही 6 विकेट से पटखनी दे दी. इस मुकाबले में पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद नवाज का विकेट सोशल मीडिया पर मजाक बनकर रह गया. नवाज को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी शानदार सूझबूझ से रन आउट कर दिया. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और फैंस जमकर मजे ले रहे हैं.
बुमराह के ओवर में हुई घटना
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 19वें ओवर में हुई, जब जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी कर रहे थे. हुआ यूं कि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने एक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके पैड पर लगी और बैकवर्ड स्क्वायर की ओर चली गई. वहां खड़े वरुण चक्रवर्ती ने गेंद को उठाया और सलमान को रन आउट करने के लिए नॉन-स्ट्राइकर एंड पर थ्रो किया. इसी बीच, सतर्क सूर्यकुमार यादव ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद को पकड़ा और दूसरे छोर पर फेंक दिया, जहां मोहम्मद नवाज रन लेने के लिए आधी पिच पर खड़े थे. नवाज को वापस क्रीज में आने का मौका ही नहीं मिला और वह रन आउट हो गए.
— Jax (@Xtraordinary_03) September 21, 2025
हेड कोच भी हुए निराश
इस शानदार रन-आउट के बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी की लय टूट गई. नवाज के ड्रेसिंग रूम में वापस जाते समय, पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने उनकी तरफ देखा भी नहीं. फील्डिंग करते हुए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने कई कैच ड्रॉप कर कुछ गलतियां जरूर कीं, लेकिन अंत में बल्लेबाजों की तूफानी पारियों से भारत जीतने में कामयाब रहा. पाकिस्तान ने 20 ओवरों में 171/5 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारत ने 7 गेंदें रहते 174 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. तिलक वर्मा के बल्ले से विनिंग चौका निकला.
अभिषेक-गिल के तूफान में उड़ा पाकिस्तान
172 रनों का पीछा करते हुए शुभमन गिल (47) और अभिषेक शर्मा (74) ने तूफानी बैटिंग करते हुए पहले विकेट के लिए 105 रन की बड़ी शतकीय साझेदारी की और भारत के लिए जीत की नींव भी रखी. अभिषेक गिल के आउट होने के बाद भारत की पारी थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में नाबाद 30 रन की बनाकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई.