शहडोल मेडिकल कॉलेज में स्वच्छता अभियान
बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय शहडोल में मंगलवार को सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत स्वच्छता उत्सव-2025 का आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।
.
अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आसपास की सफाई में डीन के साथ अन्य डॉक्टर्स ने भी हिस्सा लिया। डॉ. रामटेके ने कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य प्रणाली की सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अभियान में कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वास्थ्य प्रशिक्षण कैंप, स्वच्छता श्रमदान और अपशिष्ट पृथककरण शामिल थे। सफाई मित्रों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम भी रखा गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेन्द्र सिंह ने कहा कि इस अभियान से अस्पताल परिसर की सफाई के साथ समाज में स्वच्छता का महत्व भी बढ़ेगा। नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ ने सफाई मित्रों के साथ ओपीडी एरिया और रैन बसेरा की सफाई की।
अस्पताल उप अधीक्षक डॉ. विक्रांत कबीर पंथी ने स्वच्छता को एक आंदोलन बताते हुए कहा कि इसे जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। इस अभियान का उद्देश्य चिकित्सा परिसर की सफाई के साथ जन जागरूकता बढ़ाना भी है।