असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2020 और 2023 में एग्जाम व इंटरव्यू के कुल 224 अंक में से 10 प्रतिशत से भी कम मार्क्स मिले, वो अभ्यर्थी आज कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर छात्रों को पढ़ा रहे हैं। इन भर्तियों में कुल 224 मार्क्स में से कुछ अभ्यर्थियों ने म
.
दैनिक भास्कर ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की पिछली 2 भर्तियों के रिजल्ट की पड़ताल की, तो यह बात सामने आई। कुछ मामलों में तो परीक्षा के 200 मार्क्स में से केवल 7.80 अंक (4% से भी कम) और 23.11 अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार भी इंटरव्यू में सिलेक्ट हो गए।
लेकिन, अब असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज एजुकेशन डिपार्टमेंट) भर्ती में ऐसा नहीं होगा, क्योंकि सेवा नियमों में बदलाव किया गया है। 16 सितंबर 2025 को जारी किए नए नियमों के अनुसार, अब जो अभ्यर्थी परीक्षा में 200 अंक (इंटरव्यू के मार्क्स हटाकर) में से 80 अंक प्राप्त नहीं करेगा, वह न केवल चयन से वंचित रहेगा, बल्कि इंटरव्यू तक भी नहीं पहुंच पाएगा।
यह नया नियम हाल ही में घोषित 574 पदों की भर्ती में लागू कर दिया गया है। नए नियमों को लेकर एक्सपर्ट का कहना है कि नए नियमों और मिनिमम मार्क्स प्रतिशत तय करने से शिक्षा की गुणवत्ता में जरूर सुधार होगा।
नियमों में बदलाव क्यों जरूरी था? इन उदाहरणों से समझिए…
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2020: मैथ्स सब्जेक्ट के एग्जाम और इंटरव्यू के बाद फाइनल कट ऑफ मार्क्स जारी किए गए। इसमें सामान्य में विधवा कोटे से 16.97 मार्क्स हासिल करने वाली महिला का सिलेक्शन हो गया। एक्स सर्विस मैन में 54.97 और दिव्यांग आरक्षण में 48.47 मार्क्स पर सिलेक्शन हुआ।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2023 : राजनीति विज्ञान सब्जेक्ट के एग्जाम और इंटरव्यू के बाद विधवा कोटे से ओबीसी में 21.81, एससी में 33.84, एसटी में 36.60, एमबीसी में 39.52, EWS में 48.91 मार्क्स हासिल करने वाली कैंडिडेट्स का सिलेक्शन हुआ।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2020: फिजिक्स में दिव्यांग कोटे से 36.60 मार्क्स, हिस्ट्री सब्जेक्ट में जनरल कैटेगरी के विधवा कोटे में 66.76 मार्क्स, दिव्यांग कोटे में 47.59 मार्क्स, अंग्रेजी सब्जेक्ट में जनरल विधवा कोटे में 61.04 मार्क्स, दिव्यांग कोटे में 50.45 मार्क्स पर सिलेक्शन हुआ है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2023: होम साइंस सब्जेक्ट में दिव्यांग कोटे से 62.42 मार्क्स और फिजिक्स सब्जेक्ट की एग्जाम और इंटरव्यू के बाद फाइनल कट ऑफ मार्क्स में एक्स सर्विस मैन में 32.53, दिव्यांग आरक्षण में 36.02 मार्क्स पर सिलेक्शन हुआ।
4 प्रतिशत से भी कम मार्क्स होने पर इंटरव्यू में सिलेक्शन हुआ…
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2020: संस्कृत सब्जेक्ट में दिव्यांग कैंडिडेट का 7.80 मार्क्स और एक्स सर्विस मैन का 25.11 मार्क्स पर इंटरव्यू के लिए सिलेक्शन हो गया।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2020: अर्थशास्त्र सब्जेक्ट में दिव्यांग कैंडिडेट्स का 14.19 प्रतिशत मार्क्स और जूलॉजी सब्जेक्ट में दिव्यांग का 31.85 मार्क्स होने पर इंटरव्यू के लिए सिलेक्शन हुआ।
गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज किशनगढ़ के प्रिंसिपल सी.पी. पोकरणा ने बताया- इन बदलावों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल योग्य और सक्षम उम्मीदवार ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हों, जिससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।


574 पदों पर निकाली वैकेंसी, लास्ट डेट 19 अक्टूबर RPSC की ओर से निकाली गई कॉलेज शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के 574 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रोसेस जारी है। इसके लिए लास्ट डेट 19 अक्टूबर है। आयोग ने सेवा नियमों में हुए बदलाव के बाद पूर्व की वैकेंसी को रद्द कर नई वैकेंसी निकाली थी।
पदों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया। नई भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को नए सिरे से आवेदन करना होगा। कैंडिडेट्स की उम्र एक जुलाई 2025 को न्यूनतम 21 और अधिकतम 40 साल होनी चाहिए। पिछली बार करीब पौने दो लाख कैंडिडेट्स ने आवेदन किए थे। परीक्षा 1 से 24 दिसंबर 2025 तक होगी। परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम वेबसाइट पर जल्द मिलेगी।
