जबलपुर के बरगी हिल्स में बुधवार की रात को अचानक दुर्गा पंडाल में फैले करंट की चपेट में आने दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना तिलवारा थाना के बरगी हिल्स के पास की है। जानकारी लगते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
.
इधर घटना को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर को उच्च स्तरीय जांच करवाने के आदेश दिए हैं। दोनों बच्चे बरगी हिल्स के पास ही रहते थे, जो कि अन्य लड़कों के साथ मिलकर दुर्गा पंडाल में लगे पाइप में लाइट की साज, सज्जा के दौरान खेलते समय खंभे में फैले करंट की चपेट में आकर दूर छिटककर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
तिलवारा मार्ग पर बरगी हिल्स के पास लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) कॉलोनी के पास सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति का पंडाल लगाया गया है। समिति के सदस्यों के साथ बच्चें भी लाइट लगाने में लगे हुए थे। क्षेत्र में ही रहने वाले आयुष झारिया (8) और वेद (10) भी वहां खेल रहे थे। खेलने के दौरान दोनों बच्चों ने लोहे के पाइप को पकड़ लिया। उन्हें तुरंत करंट लगा और उनकी चीख निकल गई। दोनों छिटककर दूर गिरे और बेहोश हो गए।
आसपास के लोग तुरंत दोनों लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जहां, उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोनों को पोस्टमार्टम गुरुवार को होगा। मौके पर पहुंची तिलवारा थाना पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।