वन विभाग की टीमों ने लगातार सर्चिंग में तेदुएं को पकड़ा।
बड़वानी जिले के राजपुर तहसील के ग्राम लिंबाई में वन विभाग ने मादा तेंदुए को पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह वही तेंदुआ है जिसने कुछ दिन पहले 7 साल की बच्ची को आंगन से उठा लिया था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था।
.
वन विभाग की कई टीमों ने लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और पिंजरे स्थापित किए गए। मंगलवार को तलाशी अभियान के दौरान ताजे पंजों के निशान मिले। इसके बाद पिंजरा लगाया गया और शाम को मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ पिंजरे में कैद हो गई।
तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
वन विभाग अधिकारी आशीष बसोड के अनुसार, इस सफल अभियान में ड्रोन, डॉग स्क्वाड, सीसीटीवी कैमरे और 100 से अधिक स्टाफ की मदद ली गई। अब तेंदुए और उसके शावकों को भोपाल के वन विहार में स्थानांतरित किया जाएगा।
मुख्य वन संरक्षक खंडवा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसमें बड़वानी वन मंडल की टीम, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, इंदौर और उज्जैन की रेस्क्यू टीमों ने हिस्सा लिया। अभियान में 6 पिंजरे, 3 ड्रोन और 3 सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया गया। तेंदुए की गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए निगरानी जारी रहेगी।