भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 अक्टूबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है. सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज का चयन होना है. टीम के सेलेक्शन के पहले भारतीय टीम के लिए एक अच्छी अपडेट है. भारत के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज की फिटनेस को लेकर खबर सामने आ रही है. इस सीरीज में कई ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है, जो कि लंबे समय से बाहर चल रहे हैं. उन ही में से एक नाम सरफराज खान का है.
लंबे समय बाद होगी वापसी
लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे सरफराज खान की टीम में वापसी हो सकती है. मैदान पर प्रैक्टिस करने के साथ-साथ उनकी वर्कआउट करते हुए कई तस्वीरें देखने को मिली है. आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन टीम से बाहर रहने के दौरान सरफराज ने अपनी फिटनेस पर काम करते हुए 17 किलो वजन कम कर लिया है. उन्होंने इंडिया ए के लिए शानदार बल्लेबाजी की. सरफराज स्पिनरों के खिलाफ बेहद शानदार खेलते हैं. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं मैनेजमेंट आगामी सीरीज में उनपर भरोसा जता सकती है.
रोहित के साथ नजर आए सरफराज
साल 2025 में खेले गए बुची बाबू टूर्नामेंट में मुंबई की तरफ से खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की थी. हालांकि, आगे वो टूर्नामेंट के दौरान चोटिल हो गए थे. जिस वजह से वो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 29 सितंबर तक पूरी तरह से फिट हो जाएंगे. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्हें जगह मिल सकती है. उन्होंने हाल ही में एक तस्वीर साझी की, जिसमें वो रोहित शर्मा के साथ टिप्स लेते नजर आ रहे थे.
3 नवंबर को खेला था आखिरी मैच
सरफराज खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच से की थी. उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच 3 नवंबर को खेला था. सरफराज ने अपने टेस्ट क्रिकेट में खेले 6 मैचों की 11 पारियों में 37.89 के औसत से 371 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक जड़ा है. उनके करियर का सर्वोच्च स्कोर 150 रनों का रहा है.