India vs West Indies Test Series: एशिया कप का रोमांच अब अपने आखिरी चरण में है. इसके बाद टीम इंडिया घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. उसके लिए टीम का चयन बुधवार (24 सितंबर) को किया जा सकता है. चयन समिति की वर्चुअल बैठक दोपहर में हो सकती है. भारतीय टीम के लिए अच्छी बात है कि खतरनाक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट सीरीज के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है. इसका मतलब है कि उनका सेलेक्शन अब तय है.
बुमराह के पास ब्रेक के लिए होगा सिर्फ 3 दिन
बुमराह इस समय यूएई में चल रहे टी20 एशिया कप में खेल रहे हैं. अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो उनके पास टेस्ट मैचों की तैयारी के लिए सिर्फ 3 दिन होंगे. अहमदाबाद में 2 अक्टूबर से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा. अब देखना है कि इतने कम दिनों के ब्रेक के कारण अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय चयन समिति बुमराह को टेस्ट सीरीज के लिए चुनती है या नहीं. बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिर्फ 3 मैच ही खेल पाए थे.
ये भी पढ़ें: Asia Cup Super 4 Scenario: पाकिस्तान की जीत से फंसा पेंच, फाइनल में कैसे पहुंचेगा श्रीलंका? समीकरण ने बढ़ाईं धड़कनें
टीम इंडिया के सहायक कोच ने दिया अपडेट
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर 4 मैच की पूर्व संध्या पर दुबई में कहा, “बुमराह को आराम दिए जाने की संभावना कम है. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं. हमारे आगे महत्वपूर्ण मैच हैं और उनके लिए खेलते रहना और अधिक मैच खेलने का समय मिलना अच्छा है.” वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद भारत सीमित ओवरों के दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगा. इसमें तीन वनडे और पांच टी20 मैच शामिल हैं.
पंत की जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपर
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाले आगामी दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टेस्ट टीम में इंग्लैंड में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी ड्रॉ कराने वाली टीम से बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट के दौरान दाहिने पैर में फ्रैक्चर के शिकार हुए विकेटकीपर ऋषभ पंत के सीरीज से बाहर होने के कारण ध्रुव जुरेल पहली पसंद के विकेटकीपर बने रहेंगे, जबकि तमिलनाडु के एन जगदीशन बैकअप होंगे.
ये भी पढ़ें: आईसीसी के सब्र का बांध टूटा, इस देश को किया सस्पेंड, टी20 वर्ल्ड कप में किया था पाकिस्तान फतह
इस खिलाड़ी की होगी सरप्राइज एंट्री
बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार भारत ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए चार दिवसीय मैच में अपनी गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के बाद टेस्ट टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं. उन्होंने दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच की पहली पारी में 5 विकेट लेकर अपनी दावेदारी पेश की है. 23 वर्षीय सुथार ने 23 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 95 विकेट लिए हैं. इस बीच, रवींद्र जडेजा बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) पहुंच गए हैं जहां उनका फिटनेस टेस्ट होगा. इंग्लैंड दौरे के बाद जडेजा ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से ब्रेक लिया था और वेस्टइंडीज सीरीजज दो महीने के अंतराल के बाद उनकी पहली सीरीज होगी. जडेजा का इंग्लैंड दौरा बल्ले से शानदार रहा था जहां उन्होंने शतक और तीन अर्धशतक जड़े थे.