धार जिले के पीथमपुर पुलिस ने इंदौर और धार जिले के कई मंदिरों में चोरी करने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खेमराज चौहान के रूप में हुई। वह तेजाजी नगर, दतोदा सिमरोल, इंदौर का निवासी है।
.
पुलिस ने आरोपी से 2 किलो 300 ग्राम चांदी और 23 किलो पीतल का सामान बरामद किया है। चोरी में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। पूछताछ में खेमराज ने क्षेत्र के कई अन्य मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। बरामद किए गए सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
गुरुवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार में एसपी मयंक अवस्थी ने आठ चोरी की वारदातों का खुलासा किया। 15 सितंबर को पीथमपुर के बालाजी मंदिर से चोरी की सूचना मिली थी। इसके बाद पीथमपुर, बेटमा, द्वारकापुरी (इंदौर), मानपुर (इंदौर), सिमरोल, महू और नालछा के मंदिरों में भी इसी तरह की चोरी की वारदातें हुईं।
150 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
एसपी अवस्थी के अनुसार, चोरी की वारदातों में आरोपी की धरपकड़ के लिए गठित विशेष दल ने क्षेत्र में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध सफेद रंग की कार की पहचान हुई। खेमराज को कार क्रमांक एमपी 09 जेड टी 3134 के साथ गिरफ्तार किया गया।
योजनाबद्ध तरीके से वारदातें
थाना प्रभारी सोनी के अनुसार, खेमराज चौहान बेहद योजनाबद्ध तरीके से चोरी करता था। वह फास्टैग के बावजूद टोल नाके से नकद लाइन से निकलता और वारदात के बाद समीप के पेट्रोल पंपों पर सो जाता था। पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे ट्रेस किया और पकड़ लिया।
खेमराज ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उसने किन मंदिरों से क्या चोरी की:
- इंडोरामा बालाजी मंदिर: चांदी का मुकुट व छत्र
- सेक्टर 01 कालका माता मंदिर: चांदी का छत्र व कलश
- राम मंदिर: काली बिल्लौ
- बेटमा: एक घंटा
- केट रोड, द्वारकापुरी, इंदौर: चांदी का मुकुट व छत्र
- मानपुर हनुमान मंदिर: चांदी के मुकुट और छत्र
- सिमरोल कोटेश्वर महादेव मंदिर: एक घंटा और कलश
- महू संतोषी माता मंदिर: एक छत्र
- नालछा हनुमान मंदिर: चांदी का मुकुट
पुलिस ने चोरी की सभी सामग्री जब्त कर आरोपी से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए।
इस गंभीर चोरी की वारदातों में आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजेंद्र सोनी, उप निरीक्षक पीएम बारिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र रघुवंशी, आरक्षक आकाश, आरक्षक आदर्श और लखन जादव की अहम भूमिका रही।