Last Updated:
Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एशिया कप में एक नहीं दो बार भारत के सामने शर्मिंदा होना पड़ा. यही वजह है कि अब पीसीबी अपने लंगड़े घोड़े यानी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की टी20 क्रिकेट में वापसी की तैयारी कर रही है.
भारत से एशिया कप में पाकिस्तान लगातार दो बार हारा. (File Photo)नई दिल्ली. एशिया कप में भारत से पाकिस्तान की टीम ने दो बार मात खाई. पहले लीग स्टेज मैच और फिर सुपर-4 मुकाबले में सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी के आगे बेअसर साबित हुई. बार-बार क्रिकेट के मैदान पर पिटाई होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक बार फिर अपने लंगड़े घोड़ों पर दांव लगाने जा रहा है. पाकिस्तान के एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व कप्तान बाबार आजम और विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान की पाक टीम में जल्द वापसी होने जा रही है.
बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की टी20 क्रिकेट में लगातार स्लो बैटिंग के लिए आलोचना की जाती रही है. यही कारण था, जिसकी वजह से दोनों की पाकिस्तान क्रिकेट टीम से छुट्टी कर दी गई. एशिया कप में पाकिस्तान की जिस टीम को उतारा गया, उसमें अनुभव की साफ कमी नजर आ रही है. नए कप्तान सलमान आगा के साथ PCB ने जो प्रयोग किए, वे बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड चाहता था कि बाबर को बीच टूर्नामेंट में ही यूएई बुला लिया जाए लेकिन आयोजकों ने साफ कर दिया कि मौजूदा स्क्वॉड में बदलाव तभी संभव है जब कोई खिलाड़ी चोटिल हो.
बाबर की वापसी लगभग तय
रिपोर्ट्स के अनुसार अगले महीने होने वाली पाकिस्तान-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज में बाबर आजम की वापसी पक्की मानी जा रही है. वहीं, अगर विकेटकीपर मोहम्मद हारिस का खराब प्रदर्शन जारी रहा तो रिजवान की भी वापसी हो सकती है. यानी PCB को फिर उसी पुरानी जोड़ी पर भरोसा करना पड़ रहा है, जिसे उन्होंने कुछ ही समय पहले ‘अनफिट फॉर टी20’ कहकर किनारे कर दिया था.
कप्तानी पर भी मंडरा रहा संकट
सलमान आगा की कप्तानी भी अब सवालों के घेरे में है. PCB ने साफ कर दिया है कि एशिया कप के नतीजों के बाद ही उनके भविष्य का फैसला होगा. भारत से लगातार हार के बाद उनके पास मजबूत तर्क नहीं बचे हैं. ऐसे में पाकिस्तानी फैंस भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या बोर्ड ने जल्दबाजी में टीम और कप्तान बदलने का फैसला ले लिया था.
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और…और पढ़ें
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और… और पढ़ें