शमी की अपनी वजह से ही नहीं हो रही वापसी? अनदेखी पर अजीत अगरकर ने कह दी बड़ी बात

शमी की अपनी वजह से ही नहीं हो रही वापसी? अनदेखी पर अजीत अगरकर ने कह दी बड़ी बात


वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ, लेकिन इसमें भी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम नहीं देखकर फैंस को हैरानी हुई. उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए भी टीम में नहीं चुना गया था. शमी को टेस्ट टीम में न चुने जाने को लेकर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बड़ा बयान दिया है. शमी ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था. इसके बाद से उन्हें मौका नहीं मिला है. 

इस वजह से शमी को नहीं मिल रहा मौका

शमी ने आखिरी बार लाल गेंद का क्रिकेट दलीप ट्रॉफी के दौरान खेला था, लेकिन वह ईस्ट जोन के लिए कुछ खास प्रभावित नहीं कर पाए थे. शमी को इंग्लैंड दौरे के लिए भी नहीं चुना गया था. पत्रकारों ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए उनके चयन न होने पर सवाल किया. इसके जवाब में अगरकर ने कहा कि शमी ने पिछले कुछ सालों में इंटरनेशनल स्तर पर ज़्यादा क्रिकेट नहीं खेला है और उन्हें टीम में वापसी करने के लिए घरेलू सर्किट में और अधिक खेलना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source


अगरकर ने कहा, ‘मेरे पास कोई नई जानकारी नहीं है. उन्होंने दलीप ट्रॉफी में खेला है, लेकिन पिछले दो-तीन सालों में उन्होंने ज़्यादा क्रिकेट नहीं खेला है. मुझे लगता है कि उन्होंने बंगाल के लिए एक मैच और दलीप ट्रॉफी में एक मैच खेला. एक खिलाड़ी के तौर पर हम जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं, लेकिन उन्हें क्रिकेट खेलना होगा.’ हाल ही में शमी ने संन्यास की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था कि उनमें अभी भी खेलने की आग बाकी है और वह वापसी पर नजर गड़ाए हुए हैं.

तेज गेंदबाजी के लिए भारत का फ्यूचर प्लान

अगरकर से घरेलू क्रिकेट में गुरनूर बरार के उभरने के बारे में भी पूछा गया, जिन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था. चीफ सेलेक्टर ने कहा कि वे लगातार नई तेज गेंदबाजी प्रतिभाओं की तलाश कर रहे हैं और बरार ने फिलहाल संभावना दिखाई है. अगरकर ने बताया कि उनका प्लान तेज गेंदबाजों का एक पूल तैयार करना है, क्योंकि तेज गेंदबाज जल्दी घायल हो जाते हैं और टीम मैनेजमेंट को पर्याप्त बैकअप की जरूरत होगी.

अगरकर ने कहा, ‘हम हमेशा तलाश में रहते हैं. अभी कुछ समय तक हमारा कोई विदेश दौरा नहीं है, इसलिए हमारे पास ज़्यादा समय है. वह (गुरनूर बरार) संभावना दिखाते हैं. इंडिया ‘ए’ दौरे ने हमें देखने का मौका दिया. केवल उन्हें ही नहीं, 3 या 4 अन्य खिलाड़ियों को भी. हम तेज गेंदबाजों का एक पूल बनाना चाहते हैं, क्योंकि यह चोट लगने की अधिक संभावना वाला काम है. हमें पर्याप्त बैकअप चाहिए.’ वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारत जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को मुख्य तेज गेंदबाज के रूप में चुन रहा है, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ऑलराउंडर का विकल्प होंगे.



Source link