कटनी में नगरीय और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का कांग्रेस ने पुतला जलाया और नारेबाजी की। विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
.
शुक्रवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली तिराहे पर कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस को कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का भी इस्तेमाल करना पड़ा।
इस बयान का हो रहा विरोध
मंत्री विजयवर्गीय ने गुरुवार को शाजापुर में एक भाषण के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि “आज के हमारे नेता प्रतिपक्ष ऐसे हैं जो अपनी जवान बहन को चौराहे पर चुंबन कर लेते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं आप में से कोई ऐसा है जो अपनी जवान बहन या बेटी को सार्वजनिक रूप से चुंबन कर लेते हैं।” इस बयान के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गुस्सा था, जिन्होंने इसे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर सवाल उठाने वाला बताया।
कांग्रेस नेता ने कहा- टिप्पणी से समाज में गलत संदेश दिया
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने विजयवर्गीय के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बयान उनके संस्कारों को दर्शाता है। एक भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है और यह भाजपा नेताओं की मानसिकता को उजागर करती है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि विजयवर्गीय ने सार्वजनिक मंच से राहुल और प्रियंका के रिश्ते पर अभद्र टिप्पणी कर समाज में गलत संदेश दिया है।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ राजनीति करने और लोगों की भावनाओं से खेलने का काम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कैलाश विजयवर्गीय अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते हैं, तो उनका आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया।

