झाबुआ के खेड़ा में मिले युवक-युवती के शव: आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रहे अधिकारी – Jhabua News

झाबुआ के खेड़ा में मिले युवक-युवती के शव:  आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रहे अधिकारी – Jhabua News


झाबुआ जिले के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में शुक्रवार को झाड़ियों में एक युवक और युवती के शव मिले। पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। युवक का नाम अनकेश पणदा (पिता शांतु पणदा, निवासी खेड़ा) और युवती का नाम तोला गामोड़ (निवासी काकड़ कुआं) है।

.

फांसी का फंदा बरामद, प्रेम-प्रसंग की आशंका

पुलिस ने घटना स्थल की बारीकी से जांच की तो मौके से फांसी का फंदा मिला। इस बरामदगी ने घटना के दो प्रमुख पहलुओं आत्महत्या या हत्या पर जांच को केंद्रित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की संभावना सामने आई है। हालांकि, पुलिस पारिवारिक रंजिश, सामाजिक दबाव या किसी प्रकार की साजिश के एंगल से भी गहराई से तहकीकात कर रही है।

फॉरेंसिक टीम और कॉल डिटेल पर फोकस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी और थाना प्रभारी नेहा बिरला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक टीम के हवाले कर दिया है, ताकि वैज्ञानिक विश्लेषण के जरिए सच्चाई सामने आ सके। इसके साथ ही दोनों मृतकों के मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और पिछले दिनों की लोकेशन का भी पता लगाया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है।



Source link