भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के बीच अब तक खेले गए दोनों मुकाबले विवादों से भरे रहे हैं. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने का बॉयकॉट किया तो पाकिस्तानी खिलाड़ी सुपर-4 के मुकाबले में अपनी घिनौनी करतूतों पर उतर आए. पाक ओपनर साहिबजादा फरहान ने गन सेलिब्रेशन किया तो तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को मुकाबले में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते देखा गया. इस बीच भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह ने पाकिस्तान हॉकी टीम पर तंज कसते हुए कहा है कि दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच अब कोई वास्तविक मुकाबला नहीं बचा है. उन्होंने हालिया मैचों में भारतीय टीम के दबदबे पर जोर दिया.
क्रिकेट ही नहीं, हॉकी में भी भारत का दबदबा
पिछले कुछ सालों में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रगति दिखाई है और इस खेल में अपने स्वर्णिम दिन वापस लाए हैं. हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम हाल ही में एशियाई चैंपियन बनी, जिससे उन्हें अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले FIH विश्व कप के लिए भी जगह मिल गई. हाल के वर्षों में, भारत ने हॉकी में पाकिस्तान पर अपनी बादशाहत पूरी तरह से स्थापित कर ली है. पिछले 10 मुकाबलों में भारत अजेय रहा है. इन भिड़ंतों में से भारत ने 8 में जीत हासिल की, जबकि शेष दो ड्रॉ रहे, जो दोनों टीमों के बीच बढ़ते अंतर को साफ दिखाता है.
‘इस बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं’
एक कार्यक्रम के दौरान, हार्दिक से पूछा गया कि क्या भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता में अब भी पहले जैसी ‘चमक’ बाकी है. उनका जवाब स्पष्ट और सीधा था. उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया और अपनी बात पर जोर देने के लिए हाल ही में चर्चा में रहे ‘जेट-फॉल’ (लड़ाकू विमान गिराने) वाले इशारे का भी जिक्र किया. इंडिया टुडे से खास बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अभी कोई मुकाबला नहीं बचा है, इसलिए इस बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है. बढ़ते अंतर में कोई संदेह नहीं है, क्योंकि जिस तरह से चीजें इन दिनों चल रही हैं. मुझे लगता है कि यह (राइवलरी) है ही नहीं.’
‘जेट-फॉल’ इशारा क्या था?
यह विवादास्पद ‘फाइटर जेट’ इशारा एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान के सुपर 4 मुकाबले में PAK तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने किया था. संजू सैमसन को आउट करने के बाद रऊफ ने आक्रामक तरीके से जश्न मनाया. बाद में बाउंड्री लाइन के पास जब भारतीय फैंस ने उन्हें ताना मारा, तो उन्होंने उंगलियों से ‘0-6’ का इशारा किया. यह इशारा पाकिस्तान के उस अप्रमाणित दावे का मजाक उड़ा रहा था कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद हुए चार दिवसीय सीमा संघर्ष के दौरान उन्होंने छह भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया था.
बोर्ड पर साधा निशाना
हार्दिक सिंह ने हॉकी में भारत की श्रेष्ठता पर जोर दिया और याद दिलाया कि पाकिस्तान को अपनी आखिरी जीत एक दशक पहले मिली थी. उन्होंने कहा कि तब से उनके पुराने मजबूत प्रतिद्वंद्वी बुरी तरह से पिछड़ गए हैं और एक दशक से अधिक समय से भारत के खिलाफ कोई मैच नहीं जीत पाए हैं. हार्दिक ने उनके बोर्ड पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि उनके एथलीट काफी अच्छे हैं, लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. जैसे कि 2014 में, उन्होंने आखिरी बार हमें हराया था. 2014 के बाद से पाकिस्तान हॉकी में भारत से नहीं जीता है. तो मुझे लगता है कि पिछले, क्या, 12 साल से? हां, हम एक भी मैच नहीं हारे हैं.’