राहुल के 176 और सुदर्शन के 100… इंडिया-ए ने कंगारुओं को पीटकर लिखा नया इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम

राहुल के 176 और सुदर्शन के 100… इंडिया-ए ने कंगारुओं को पीटकर लिखा नया इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम


केएल राहुल और साई सुदर्शन के शतकों से भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में 5 विकेट से शिकस्त दी. इसके साथ ही टीम ने सीरीज 1-0 से नाम कर ली. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले को जीतते ही इंडिया-ए ने इतिहास भी रच दिया. दरअसल, भारत फर्स्ट क्लास क्रिकेट में किसी ‘ए’ टीम द्वारा सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा करने वाली टीम बन गई है. भारत ने 2022 में हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया-ए द्वारा श्रीलंका-ए के खिलाफ बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ दिया. भारत-ए किसी अनौपचारिक टेस्ट मैच में 400 से अधिक लक्ष्य का पीछा करने वाली पहली टीम भी है.

केएल राहुल और सुदर्शन की मैच विनिंग सेंचुरी

भारत-ए को जीत के लिए 412 रन का लक्ष्य मिला, जिसे मेजबान टीम ने 91.3 ओवर में ही हासिल कर लिया. भारत-ए की ओर से केएल राहुल ने 210 गेंदों में 4 छक्कों और 16 चौकों के साथ नाबाद 176 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन ने 100 रन टीम के खाते मे जोड़े. इनके अलावा, कप्तान ध्रुव जुरेल ने 56 रन जुटाए. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टॉड मर्फी ने 3 शिकार किए, जबकि कोरी रोचिकियोली ने 2 सफलताएं हासिल कीं. भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच दो मुकाबलों की सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था. अब दोनों टीमें 30 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच तीन अनाधिकारिक वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी.

Add Zee News as a Preferred Source


पहली पारी में लड़खड़ा गया था भारत

मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 420 रन पर सिमट गई. इस पारी में कप्तान नाथन मैकस्वीनी ने 74 रन टीम के खाते में जोड़े, जबकि जैक एडवर्ड्स ने 88 रन की पारी खेली. इनके अलावा, टॉड मर्फी ने 76 रन जुटाए. भारत की तरफ से मानव सुथार ने 107 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार को 3 सफलताएं हाथ लगीं.

इसके जवाब में भारत-ए अपनी पहली पारी में महज 194 रन पर सिमट गई. साई सुदर्शन ने 140 गेंदों में 75 रन जोड़े, जबकि एन जगदीशन ने 38 रन बनाए. ऑस्ट्रेलियाई खेमे से हेनरी थॉर्नटन ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके. भारत-ए को सस्ते में समेटने के बाद ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहली पारी के आधार पर 226 रन की बढ़त हासिल कर ली थी. दूसरी पारी में यह टीम महज 185 रन पर सिमट गई. इस पारी में मैकस्वीनी ने नाबाद 85 रन बनाए, जबकि जोश फिलिप ने 50 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इस पारी में मानव सुथार और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और यश ठाकुर ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं.



Source link