शार्दुल बने इस टीम के कप्‍तान, रहाणे ने छोड़ी जिम्‍मेदारी, सरफराज खेलेंगे साथ

शार्दुल बने इस टीम के कप्‍तान, रहाणे ने छोड़ी जिम्‍मेदारी, सरफराज खेलेंगे साथ


नई दिल्‍ली. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने कप्‍तान के नाम की घोषणा कर दी है. शार्दुल ठाकुर को भारत के घरेलू क्रिकेट के इस महाकुंभ में कप्‍तानी की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है. वो मुंबई की टीम में अजिंक्‍य रहाणे के स्‍थान पर नेतृत्‍व की जिम्‍मेदारी संभालेंगे. आगामी 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए 24 संभावित खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है. इस टीम में श्रेयस अय्यर को जगह नहीं दी गई है. ऐसा इसलिए क्‍योंकि खुद रेड बॉल क्रिकेट से दूर रहने का फैसला किया है. यशस्‍वी जायसवाल को भी संभावितों की सूची में जगह नहीं मिली है.

खुद कप्‍तानी से हटे रहाणे
अजिंक्‍य रहाणे पहले ही मुंबई की कप्तानी छोड़ने की इच्छा जता चुके हैं और शार्दुल आगामी सीजन में टीम की कमान संभालेंगे. मुशीर खान, सरफराज खान और आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ी बल्लेबाजी क्रम को मजबूती प्रदान करेंगे, जबकि अथर्व अंकोलेकर और तनुश कोटियन जैसे खिलाड़ी गेंदबाजी क्रम में और गहराई लाएंगे.

सरफराज ने घटाया वजन
सरफराज खान कई चोटों से जूझ चुके हैं और अपनी फिटनेस साबित करने के लिए उन्होंने अपना वजन भी कम किया है. सरफराज को वेस्टइंडीज टीम में शामिल नहीं किया गया था और घरेलू सीजन में उन्हें अपनी बात साबित करनी होगी. भारत के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं और चोटों के कारण यह स्टार भारतीय बल्लेबाज पिछले सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाया था.

श्रेयस अय्यर मुंबई टीम में क्‍यों नहीं?
श्रेयस अय्यर ने अपनी पीठ की चोट के कारण बीसीसीआई से ब्रेक की अनुमति मांगी थी. बीसीसीआई ने उन्‍हें इसकी इजाजत दे दी थी। यही वजह है कि अय्यर वेस्‍टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का भी हिस्‍सा नहीं हैं. पंजाब किंग्स के कप्तान को इंडिया ए टीम का कप्तान बनाया गया है. वो ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेंगे. अय्यर को एशिया कप के लिए भी नहीं चुना गया था. वो आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेलते हुए देखा गया था. मुंबई क्रिकेट टीम पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में विदर्भ से हार गई थी और इस सीजन में उसके लिए एक कठिन चुनौती होगी.

मुंबई की संभावित रणजी टीम
शार्दुल ठाकुर (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, आयुष म्हात्रे, सिद्धेश लाड, सुवेद पारकर, मुशीर खान, अंगकृष रघुवंशी, अखिल हेरवाडकर, सरफराज खान, सूर्यांश शेडगे, आकाश पारकर, तुषार देशपांडे, सिल्वेस्टर डिसूजा, इरफान उमैर, रॉयस्टन डायस, प्रतीक मिश्रा, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), प्रसाद पवार (विकेटकीपर), शम्स मुलानी। तनुश कोटियन, हिमांशु सिंह, अथर्व अंकोलेकर, इशान मूलचंदानी.



Source link