कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। यहां EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर लेखपाल का रिश्वत लेते हुए का वीडियो सामने आया है। वीडियो में लेखपाल आवेदक से पैसे लेते दिख रहे हैं।
.
आवेदक सागर शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने 24 सितंबर को EWS प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। तहसील कार्यालय में पदस्थ लेखपाल प्रमोद चम्पूरिया ने उनसे प्रमाण पत्र बनाने के बदले में 1500 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
आवेदक के अनुसार, उनके पास उस समय पूरी रकम नहीं थी, जिसके कारण उन्होंने चम्पूरिया को 100 रुपए दिए। आवेदक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।
आवेदक ने लेखपाल प्रमोद चम्पूरिया पर ढीमरखेड़ा तहसील कार्यालय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि चम्पूरिया ने पहले भी सुनील गर्ग, अखिलेश दुबे, शिवकुमार दुबे और श्रद्धा शुक्ला जैसे कई अन्य आवेदकों से EWS प्रमाण पत्र जारी करने के लिए रिश्वत ली है।
इस संबंध में, लेखपाल प्रमोद चम्पूरिया ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है।