एशिया कप 2025 के आखिरी सुपर-4 मैच में फाइनल जैसा रोमांच देखने को मिला. दरअसल, भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के फाइनल मैच से पहले श्रीलंका से भिड़ी. इस हाईवोल्टेज मुकाबले में सुपर ओवर ने जबरदस्त तड़का लगाया. भारत के 202 रन बनाने के बाद श्रीलंकाई टीम भी पारी की आखिरी गेंद पर 202 तक पहुंच गई और स्कोर बराबर हो गया. सुपर ओवर में टीम इंडिया ने आसानी से जीत दर्ज कर ली. एक तरफ भारत में इस जीत की खुशियां मनाईं तो पाकिस्तन की नींद हराम कर दी. दरअसल, एक गजब संयोग सामने आया है, जो इस टाई मुकाबले के बाद भारत की ट्रॉफी जीतने की गारंटी दे रहा है.
टीम इंडिया ने लगाया जीत का सिक्सर
टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अजेय रहने का सिलसिला बरकरार रखते हुए विनिंग सिक्सर लगाया. भारत इस सीजन की इकलौती ऐसी टीम है जो एक भी मैच नहीं हारी है. भारत की टक्कर अब सीधा फाइनल में पाकिस्तान से है. दोनों के बीच इस सीजन में अब तक दो बार भिड़ंत हो चुकी है और दोनों ही बार जीत भारत को मिली है. अब भारत की नजरें तीसरी बार पाकिस्तान को धूल चटाकर खिताब जीतने पर होंगी.
टाई मैच और ट्रॉफी जीतने का गजब संयोग
दरअसल, हम यहां जिस संयोग की बात कर रहे हैं तो यह है कि भारत ने जब-जब ACC और ICC इवेंट में टाई मैच खेला है तब-तब ट्रॉफी भी नाम की है. ऐसा एक या दो बार नहीं, बल्कि 3 बार हुआ है. दो बार ICC वर्ल्ड कप और एक बार एशिया कप में ऐसा हुआ. इसी के चलते भारतीय फैंस में खुशी की लहर है, क्योंकि उनका मानना है कि भारत रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीतने जा रहा है. आइए जानते हैं, कब-कब भारत ने टाई मैच खेलकर ट्रॉफी जीती.
कब-कब मैच हुआ टाई और ट्रॉफी जीता भारत
सबसे पहला ऐसा 2007 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में हुआ. भारत और पाकिस्तान का एक मुकाबला टाई हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने बॉल आउट में जीत दर्ज की. इसके बाद भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का यह पहला ही सीजन भी जीता. 2011 की वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया का इस टूर्नामेंट में भी एक मुकाबला टाई रहा. भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में यह मैच खेला था. तीसरा मौका आया 2018 एशिया कप में जिसे भारत ने बांग्लादेश को फाइनल में शिकस्त देकर जीता. इस टूर्नामेंट में भारत ने अफगानिस्तान के साथ टाई मैच खेला था.