आलीराजपुर में माता को ओढ़ाई 111 मीटर की चुनरी: लोगों ने सांसद अनीता चौहान से आंबुआ में मांगलिक भवन बनवाने की मांग की – alirajpur News

आलीराजपुर में माता को ओढ़ाई 111 मीटर की चुनरी:  लोगों ने सांसद अनीता चौहान से आंबुआ में मांगलिक भवन बनवाने की मांग की – alirajpur News


आलीराजपुर में आंबुआ में नवरात्रि की पंचमी पर चुनरी कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान टेकरी स्थित अंबे माता मंदिर में 111 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाई गई। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से निकली, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

.

चुनरी यात्रा शाम 4:15 बजे शंकरगढ़ माता मंदिर से शुरू हुई। यात्रा में नन्हीं बालिकाएं कलश लेकर आगे चल रही थीं। पुरुष श्रद्धालु सफेद पोशाक और साफे में थे, जबकि महिला श्रद्धालु चुनरी पहने हुए थीं। डीजे और ‘जय माता दी’ के जयघोष के साथ यह यात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए टेकरी अंबे माता मंदिर पहुंची।

भारतीय जनता पार्टी के एक विशेष अभियान के तहत भी क्षेत्र में कार्यक्रम था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल के लोगों ने चुनरी यात्रा में भाग लिया। महिला मंडल का इस यात्रा में सराहनीय सहयोग रहा। विधि-विधान से अंबे माता को 111 मीटर चुनरी ओढ़ाई गई, जिसके बाद महाआरती और महाप्रसादी का वितरण किया गया।

इस अवसर पर अंबे माता मंदिर के पुजारी आत्माराम भूरिया और समिति के सदस्यों ने क्षेत्रीय सांसद अनीता चौहान से मांगलिक भवन के निर्माण की मांग की। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे इसके लिए हरसंभव प्रयास करेंगी, ताकि यह मंदिर समिति के उपयोग में आ सके।

यात्रा में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवल, पूर्व विधायक माधुसिंह डावर, ओछबलाल सोमानी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास माहेश्वरी, विधायक प्रतिनिधि रिंकेश तवर, गोविंद गुप्ता, विजय भाबर सहित कई लोग मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी मोहनसिंह डावर अपने स्टाफ के साथ पूरी यात्रा में मौजूद रहे।



Source link