Asia Cup 2025: भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच में एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली है. श्रीलंका के विस्फोटक ओपनर पथुम निसांका ने एक हवाई शॉट मारा और अक्षर पटेल ने बाउंड्री लाइन पर कैच ड्रॉप कर दिया. इसके बाद वह गेंद बाउंड्री पार जा गिरी, लेकिन श्रीलंका को छक्का मिलना तो दूर… एक भी रन नहीं मिला. हर कोई जानकर हैरान है कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है. बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को एशिया कप 2025 का एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसका फैसला सुपर ओवर में हुआ. भारत ने सुपर ओवर में यह मैच जीत लिया.
कैच छूटा और बाउंड्री पार जा गिरी गेंद
यह वाकया श्रीलंका की पारी के दौरान 10वें ओवर का है. इस ओवर में लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी के लिए आए. श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका ने वरुण चक्रवर्ती के इस ओवर की तीसरी गेंद पर लॉन्ग ऑन की तरफ एक हवाई शॉट खेल दिया, जिसके बाद बाउंड्री लाइन पर अक्षर पटेल ने उनका आसान सा कैच छोड़ दिया. बता दें कि यह गेंद अक्षर पटेल के हाथ से लगकर बाउंड्री लाइन के पार जाकर गिरी. ऐसे में श्रीलंका की टीम और पथुम निसांका को 6 रन मिलने चाहिए थे, लेकिन उन्हें एक भी रन नहीं मिला.
(@Symonds716624) September 26, 2025
(@Asianewss) September 26, 2025
श्रीलंका को नहीं मिला एक भी रन
आपको बता दें कि भले ही यह गेंद बाउंड्री लाइन के पार जाकर गिरी, लेकिन श्रीलंका को छक्का तो दूर उन्हें एक भी रन नहीं मिला. ऐसा इसलिए क्योंकि वरुण चक्रवर्ती के गेंद फेंकने से पहले ही मैदानी अंपायर इजातुल्लाह साफी ने डेड बॉल का सिग्नल दिया था, लेकिन किसी ने भी उन पर ध्यान नहीं दिया. डेड बॉल पर अगर कोई बल्लेबाज छक्का भी मारे तो उसे एक भी रन नहीं मिलता. वहीं, अगर किसी गेंदबाज ने डेड बॉल पर विकेट हासिल कर लिया हो तो उसे भी लीगल नहीं माना जाता. बता दें कि अंपायर ने उस गेंद को डेड बॉल इसलिए दिया, क्योंकि अभिषेक शर्मा फील्डिंग छोड़कर मैदान से बाहर जा रहे थे.
अंपायर ने डेड बॉल क्यों दी?
चोटिल अभिषेक शर्मा ने इस दौरान पूरी तरह से बाउंड्री लाइन पार भी नहीं की थी. नियमों के मुताबिक जब तक कोई खिलाड़ी मैदान से पूरी तरह बाहर नहीं जाता और उसकी जगह कोई नया फील्डर मैदान के अंदर नहीं आता तब तक मैच को लीगल तरीके से आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है. बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिए आया. श्रीलंका की टीम सुपर ओवर में सिर्फ दो रन बना सकी. कुसल परेरा और दासुन शनाका ने अपना विकेट बिना खाता खोले गंवाया. कामिंडु मेंडिस 1 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से सुपर ओवर अर्शदीप सिंह ने डाला. जीत के लिए जरूरी 3 रन सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर बनाकर टीम को जीत दिला दी. सूर्यकुमार यादव के साथ पारी की शुरुआत करने शुभमन गिल आए थे. श्रीलंका के लिए सुपर ओवर वानिंदु हसरंगा ने फेंका था.