जीत का सिक्सर, आखिरी गेंद पर स्कोर हुआ टाई, सुपर ओवर में अर्शदीप ने दिलाई जीत

जीत का सिक्सर, आखिरी गेंद पर स्कोर हुआ टाई, सुपर ओवर में अर्शदीप ने दिलाई जीत


Last Updated:

Team India snatched victory from sri lanka in super over: भारत ने सुपर ओवर में श्रीलंका को हराकर एशिया कप 2025 में जीत का छक्का लगाया. टीम इंडिया को सुपर ओवर में 3 रन का लक्ष्य मिला था जिसे उसने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया. भारतीय टीम अब रविवार को फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगी. टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में कदम रखा है.

भारत ने सुपर ओवर में श्रीलंका को हराया.

नई दिल्ली. एशिया कप का सुपर फोर का आखिरी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा.भारत और श्रीलंका की टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में एक समान 202 रन बनाए. जिसके बाद रिजल्ट के लिए मुकाबला सुपर ओवर में गया. जहां भारत ने पहली ही गेंद पर तीन रन बनाकर आसानी से जीत दर्ज कर ली. भारत की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सुपर ओवर में यह छठी जीत है. टीम इंडिया इस फॉर्मेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली दूसरी टीम बनी. भारत की श्रीलंका पर टी20 में यह 23वीं जीत है जबकि पाकिस्तान न्यूजीलैंड पर 24 जीत के साथ पहले नंबर पर है. जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्हें लगा कि वह फाइनल मुकाबला खेल रहे हैं. पथुम निसांका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस टूर्नामेंट में पहली बार हारने वाली टीम के खिलाड़ी को यह पुरस्कार दिया गया.

श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका (Pathum Nissanka) के आक्रामक शतक ने भारतीय गेंदबाजों को एशिया कप में पहली बार दबाव में ला दिया था. लेकिन सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह के बेजोड़ प्रदर्शन से भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत दर्ज की. शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा के टूर्नामेंट में तीसरे अर्धशतक की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाए. जवाब में निसांका के शतक की मदद से श्रीलंका ने जीत की ओर लगभग कदम रख दिया था. हर्षित राणा के आखिरी ओवर में उसे 12 रन और आखिरी गेंद पर तीन रन चाहिए थे जिस पर दासुन शनाका दो ही रन ले पाए और मैच सुपर ओवर में चला गया.

भारत ने सुपर ओवर में श्रीलंका को हराया.

सुपर ओपर अर्शदीप सिंह के नाम रहा
सुपर ओवर पूरी तरह से अर्शदीप के नाम रहा जिन्होंने पांच गेंद में दो रन देकर दो विकेट लिए. भारत को तीन रन का लक्ष्य मिला जो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया. इससे पहले लक्ष्य का पीछा करते हुए कुसल मेंडिस को हार्दिक पंड्या ने पहले ही ओवर में आउट कर दिया. इसके बाद निसांका ( 58 गेंद में 107 रन ) और परेरा (32 गेंद में 58 रन ) ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया.

निसांका और परेरा ने भारत की चिंता बढ़ा दी
हर्षित ने चार ओवर में 54 रन देकर एक विकेट लिया जबकि अर्शदीप ने चार ओवर में 46 रन दिए. बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 32 रन दे डाले. श्रीलंका के दोनों बल्लेबाजों ने 12 ओवर से कम में 127 रन जोड़कर सूर्यकुमार की चिंता बढा दी. आखिर में वरूण चक्रवर्ती ने परेरा को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. आगे बढकर खेलने के प्रयास में परेरा चूके और संजू सैमसन ने स्टम्पिंग में चूक नहीं की.

निसांका ने अपना शतक 52 गेंद में पूरा किया
इसके बाद चरित असलंका (पांच) और कामिंदु मेंडिस (तीन) भी जल्दी आउट हो गए. निसांका ने अर्शदीप के ओवर में अपना शतक 52 गेंद में पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए. इससे पहले अभिषेक ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए अर्धशतक लगाया जबकि सैमसन ने 39 रन की उपयोगी पारी खेलकर भारत को पांच विकेट पर 202 रन तक पहुंचाया. यह इस टूर्नामेंट में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर रहा. इससे पहले भारत ने ओमान के खिलाफ और अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ 188 रन बनाए थे. अभिषेक ने 31 गेंद में 61 रन बनाये जबकि पांचवें नंबर पर सैमसन ने 22 गेंद में 39 रन की पारी खेली. तिलक वर्मा ने 34 गेंद में नाबाद 49 रन बनाए.

अभिषेक ने पावरप्ले में गेंदबाजों को खासी नसीहत दी
पूरे टूर्नामेंट की तरह अभिषेक ने पावरप्ले में गेंदबाजों को खासी नसीहत दी और अर्धशतकों की हैट्रिक लगाई .उन्होंने इस पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाये जबकि शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव सस्ते में आउट हो गए. अभिषेक हालांकि तीसरी बार शतक से चूक गए और श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका की गेंद पर डीप मिडविकेट सीमा पर कैच दे बैठे. गिल चार रन बनाकर महीष तीक्षणा का शिकार हुए. कप्तान सूर्यकुमार (12) को वानिंदु हसरंगा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. नए बल्लेबाजी क्रम में अपनी लय तलाश रहे सैमसन टूर्नामेंट में पहली बार शानदार फॉर्म में दिखे. उन्होंने तीन छक्के लगाये जिनमें हसरंगा को लगाया गया छक्का शानदार था. उन्होंने जगह बनाने के लिए अपने फ्रंटफुट को लेग स्टंप के बाहर रखा और साइट स्क्रीन पर तूफानी छक्का लगाया. अगले ओवर में उन्होंने दासुन शनाका को छक्का लगाया. उन्होंने तिलक के साथ 6.5 ओवर में 66 रन की साझेदारी की. अक्षर पटेल ने भारतीय पारी का अंत छक्के से किया.

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से… और पढ़ें

homecricket

जीत का सिक्सर, आखिरी गेंद पर स्कोर हुआ टाई, सुपर ओवर में अर्शदीप ने दिलाई जीत



Source link