भारतीय महिला क्रिकेट टीम 30 सितंबर से शुरू हो रहे वनडे वर्ल्ड कप में इतिहास रचने को तैयार है. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले जीत की हुंकार भरते हुए कहा है कि टीम पास वर्ल्ड कप जीतने का शानदार मौका है. बता दें कि भारतीय महिला टीम अभी तक एक बार भी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हुई है. 2005 और 2017 में टीम फाइनल में पहुंची थी. इस बार भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टूर्नामेंट हो रहा है, जिसमें टीम इंडिया अपने अधिकतर मुकाबले घर में ही खेलेगी. ऐसे में भारत के पास पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने इतिहास रचने का सुनहरा चांस है.
ट्रॉफी जीतने का शानदार मौका
मेजबान होने के नाते भारतीय टीम के पास वर्ल्ड कप जीतने का मौका है और इस बात को कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी स्वीकार किया है. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि उनके पास अपनी कप्तानी में भारत को वर्ल्ड कप जीताकर इतिहास रचने का मौका है. उन्होंने कहा, यह हम सभी के लिए घरेलू वर्ल्ड कप है और हम इसे अपने उन सभी समर्थकों के लिए खास बनाना चाहते हैं. आईसीसी के एक कॉलम में हरमनप्रीत ने लिखा, ‘घरेलू वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी करना, एक बड़ा सम्मान है. हम ट्रॉफी जीतने की ख्वाहिश रखते हैं और इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने के लिए पूरी तरह से प्रेरित हैं.’
वर्ल्ड कप के लिए तैयार पर क्या कहा?
भारतीय कप्तान ने लिखा, ‘वर्ल्ड कप की तैयारी का हमारा सफर समृद्ध रहा है. पिछले कुछ समय से टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है. इससे हमारे अंदर आईसीसी ट्रॉफी जीतने की ललक जगी है. हम बड़ी छलांग लगाना चाहते हैं और आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं. प्रतियोगिता हमेशा की तरह कड़ी है, लेकिन टीम को अपने कौशल, तैयारियों और किसी भी चुनौती से पार पाने का भरोसा है. घरेलू और बाहरी मैदानों पर खेले गए हालिया नतीजे भी टीम के लिए उत्साहजनक रहे हैं. हम वर्ल्ड कप में इस लय को बरकरार रखने के लिए उत्सुक हैं.’
टीम में खिताब जीतने का दम
हरमनप्रीत ने लिखा, ‘हमारी वर्ल्ड कप टीम में सभी विभागों में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है. स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, प्रतीका रावल, ऋचा घोष और उमा छेत्री जैसी बल्लेबाजी प्रतिभाएं टीम में मौजूद हैं. गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली है, जिसमें रेणुका सिंह ठाकुर और अरुंधति रेड्डी के साथ युवा और होनहार क्रांति गौड़, एन. श्री चरणी और राधा यादव भी हैं. इसके अलावा, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा और अमनजोत कौर जैसे तीन ऑलराउंडर भी हैं, जो खेल का रुख भारत के पक्ष में मोड़ सकते हैं.’