धार शहर के बस स्टैंड पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विजयवर्गीय के विवादित बयान के विरोध में किया गया।
.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी के नेतृत्व में देर शाम आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि मंत्री की टिप्पणियों ने पार्टी नेताओं की भावनाओं को आहत किया है और महिलाओं की गरिमा का अपमान किया है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव बौरासी ने प्रेसवार्ता में कहा कि विजयवर्गीय की टिप्पणियां न केवल अपमानजनक हैं बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान और पवित्रता पर चोट करती हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अक्सर महिलाओं के अधिकार और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अपमान करते रहे हैं। बौरासी ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देकर महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में महिला अपराध के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2020 में 6,134 बलात्कार दर्ज हुए थे, जो 2024 में बढ़कर 7,294 हो गए, यानी 19 प्रतिशत वृद्धि हुई। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 20 बलात्कार और 33 अपहरण की घटनाएं हो रही हैं।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता अजय सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार, शहर अध्यक्ष टोनी छाबड़ा और युकां शहर अध्यक्ष अभिनव बिंजवा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मंत्री अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं, तब तक विरोध जारी रहेगा।