Asia Cup 2025 Final: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला कल यानी रविवार 28 सितंबर को रात 8 बजे से दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत ने एशिया कप 2025 में अभी तक लगातार 6 मैच अपने नाम किए हैं. अब भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरेगी. टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को दो मुकाबले हराए हैं. हालांकि पाकिस्तान की टीम को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता है. पाकिस्तान के 5 क्रिकेटर्स इतने खतरनाक है कि वह एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं पाकिस्तान के उन 5 बेहद खतरनाक क्रिकेटर्स पर जिनसे टीम इंडिया को फाइनल मैच में सतर्क रहना होगा.
1. साहिबजादा फरहान
साहिबजादा फरहान पाकिस्तान के सबसे खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाज हैं. साहिबजादा फरहान को अगर शुरुआत में ही सस्ते में आउट कर दिया गया तो पाकिस्तान की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाएगी. भारत को फाइनल में जल्द से जल्द साहिबजादा फरहान को आउट करना होगा. साहिबजादा फरहान ने भारत के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में अर्धशतक जमाया था. साहिबजादा फरहान अब तक एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के दौरान 6 टी20 मुकाबलों में 26.67 की औसत के साथ 160 रन बना चुके हैं, जिसमें 8 छक्के और 9 चौके शामिल हैं.
2. फखर जमान
फखर जमान अगर एक बार क्रीज पर टिक जाए तो वह चौके और छक्कों की बरसात करते रहते हैं. भारत के गेंदबाज अगर फखर जमान को जल्द आउट कर देते हैं, तो फिर पाकिस्तान की टीम दबाव में आ जाएगी. फखर जमान अब तक एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के दौरान 6 टी20 मुकाबलों में 27 की औसत के साथ 135 रन बना चुके हैं, जिसमें 3 छक्के और 14 चौके शामिल हैं. फखर जमान एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भारत के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. फखर जमान को जल्द आउट करने का जिम्मा जसप्रीत बुमराह का होगा.
3. शाहीन अफरीदी
शाहीन अफरीदी भले ही भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 में अभी तक एक भी विकेट अपने नाम नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने 14 सितंबर को टीम इंडिया के विरुद्ध नाबाद 33 रन की पारी जरूर खेली. शाहीन इस टूर्नामेंट में सबसे सफल पाकिस्तानी गेंदबाज हैं, जिन्होंने 6 मुकाबलों में 20.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट हासिल किए हैं.
4. हारिस रऊफ
5 फुट 11 इंच लंबे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भारत के विरुद्ध सुपर-4 मुकाबले में 26 रन देकर 2 शिकार किए थे. यह गेंदबाज एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में 9 विकेट अपने नाम कर चुका है. फाइनल मैच में भारत के बल्लेबाजों को हारिस रऊफ से काफी सावधान रहने की जरूरत है.
5. सैम अयूब
पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज सैम अयूब ने एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में गेंद से चमक बिखेरी है, लेकिन बल्ले से वह कोई खास कमाल नहीं कर पाए हैं. सैम अयूब 14 सितंबर को भारत के खिलाफ मैच में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन उन्होंने 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. सुपर-4 मुकाबले में सैम अयूब ने भारत के विरुद्ध 21 रन बनाए. हालांकि, इस बार गेंदबाजी में वह 35 रन देने के बावजूद कोई विकेट हासिल नहीं कर सके. बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में बल्लेबाजी के दौरान सईम अयूब से फिर खाता नहीं खुल सका, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने 4 ओवरों में महज 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इस खिलाड़ी ने अब तक 6 मुकाबलों में 8 विकेट हासिल किए हैं. भले ही सैम अयूब बल्ले से फ्लॉप हो रहे हैं, लेकिन भारत के खिलाफ फाइनल मैच में वह अपनी गेंदबाजी से चौंका सकते हैं.