भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिए आया. श्रीलंका की टीम सुपर ओवर में सिर्फ दो रन बना सकी. कुसल परेरा और दासुन शनाका ने अपना विकेट बिना खाता खोले गंवाया. कामिंडु मेंडिस 1 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से सुपर ओवर अर्शदीप सिंह ने डाला. जीत के लिए जरूरी 3 रन सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर बनाकर टीम को जीत दिला दी. सूर्यकुमार यादव के साथ पारी की शुरुआत करने शुभमन गिल आए थे. श्रीलंका के लिए सुपर ओवर वानिंदु हसरंगा ने फेंका था.
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किए बड़े-बड़े खुलासे
सुपर ओवर से पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 202 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम ने भी 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 202 रन ठोक दिए. इसी के साथ ही यह मैच टाई हो गया और मुकाबला सुपर ओवर में चला गया. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, ‘ऐसा लगा जैसे यह कोई फाइनल मैच हो. पहले हाफ के बाद दूसरे हाफ में लड़कों ने काफी जज्बा दिखाया. मैंने लड़कों से कहा कि अच्छी ताकत बनाए रखो और देखते हैं कि आखिर में हम कहां पहुंचते हैं. बल्ले से अच्छी शुरुआत और संजू व तिलक जैसे खिलाड़ियों को उस लय में खेलता देखकर अच्छा लगा. संजू जैसा बल्लेबाज भले ही ओपनिंग नहीं कर रहा है, लेकिन निचले क्रम में बैटिंग कर बड़ी जिम्मेदारी को निभा रहा है और तिलक का भी आत्मविश्वास देखकर अच्छा लगा.’
SUPER OVER फेंकने से पहले अर्शदीप सिंह से क्या हुई थी बात?
सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘उन्होंने (अर्शदीप) पिछले 2-3 सालों में हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. SUPER OVER फेंकने से पहले मैंने उनसे कहा था कि वह अपने प्लान पर ध्यान दें और उन्हें मैदान पर लागू करने की कोशिश करें. वह कई बार ऐसी स्थिति में गेंदबाजी कर चुके हैं. उन्होंने भारत और अपनी आईपीएल टीम के लिए वाकई अच्छा प्रदर्शन किया है. उसका आत्मविश्वास सब कुछ बयां करता है. वह सुपर ओवर कोई और नहीं बल्कि अर्शदीप ही कर सकते थे. आज कुछ खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा ऐंठन हुई थी, कल हम रिकवरी डे मनाएंगे और फाइनल में उसी तरह प्रदर्शन करेंगे जैसा आज किया था. ग्रुप स्टेज से सभी को वह मिला जो वे चाहते थे और हम फाइनल में पहुंचकर बहुत खुश हैं.’
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले दोनों देशों के बीच माहौल गर्म है. एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच कोई फाइनल मुकाबला होगा. भारत एशिया कप की सफलतम टीम है और आठ बार खिताब जीत चुकी है. छह खिताब के साथ श्रीलंका दूसरी सफलतम टीम है. पाकिस्तान ने दो बार एशिया कप जीता है.