किन्नर समाज की विशेष और अनोखी परंपरा… जन्म देने वाली से भी ऊपर धर्म की मां का रिश्ता, जानिए इसका महत्व

किन्नर समाज की विशेष और अनोखी परंपरा… जन्म देने वाली से भी ऊपर धर्म की मां का रिश्ता, जानिए इसका महत्व


Kinnars Special Story: भारतीय समाज में किन्नर समुदाय हमेशा से ही रहस्यमयी और विशेष माना जाता रहा है. आम लोग इन्हें सिर्फ ताली बजाकर आशीर्वाद देने और मांगने तक ही जानते हैं, लेकिन इनके समाज की परंपराएं और रीति-रिवाज बेहद गहरी और अनोखी होती हैं. इन्हीं परंपराओं में सबसे खास है, जन्म देने वाली मां से भी ऊपर धर्म की मां का रिश्ता है.
किन्नर समाज की गुरु सितारा मौसी ने बताया कि मान्यता के अनुसार, जब कोई बच्चा या युवा अपनी असली पहचान को स्वीकार कर इस समाज का हिस्सा बनता है, तो उसके जीवन में एक नया अध्याय शुरू होता है. इस अध्याय का सबसे बड़ा आधार उसकी धर्म की मां होती है. यह मां वह होती है, जो नए किन्नर को अपने संरक्षण में लेकर उसे समाज की परंपराएं, अनुशासन और जीवन जीने का तरीका सिखाती है.

धर्म की मां का महत्व
किन्नर समाज में धर्म की मां का रिश्ता बेहद पवित्र और जिम्मेदारी से भरा हुआ होता है. असली मां ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन समाज में नई पहचान और स्वीकार्यता धर्म की मां देती है. यह मां अपने शिष्य को आशीर्वाद देती है, उसकी रक्षा करती है और उसे हर मुश्किल में साथ निभाती है. किन्नरों के मुताबिक, धर्म की मां का आशीर्वाद लिए बिना कोई भी कार्य सफल नहीं होता है.

खास रस्म और परंपरा
किन्नर समाज की गुरु सितारा मौसी ने कहा जब कोई नया सदस्य किन्नर समाज में शामिल होता है, तो उसके स्वागत के लिए एक विशेष रस्म निभाई जाती है. इस रस्म में धर्म की मां उसे अपना आशीर्वाद देकर अपना बना लेती है. इसके बाद वह शिष्य धर्म की मां को ही अपनी वास्तविक मां मानकर उसकी सेवा करता है. यही नहीं, जीवन के हर छोटे-बड़े अवसर पर वह पहले धर्म की मां का आशीर्वाद लिया जाता है.

धर्म की मां सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज की परंपरा और संस्कृति की प्रतिनिधि मानी जाती है. उनका अनुभव और मार्गदर्शन ही नए किन्नर के जीवन की दिशा तय करता है. यही वजह है कि किन्नर समाज में धर्म की मां का दर्जा जन्म देने वाली मां से भी बड़ा माना जाता है.

एक नई दुनिया का रिश्ता
किन्नर समाज सामान्य पारिवारिक रिश्तों से अलग दुनिया में जीता है. वे अपने जन्म परिवार से दूरी बना लेते हैं और पूरी तरह से नए समाज में घुलमिल जाते हैं. यहां रिश्ते खून से नहीं, बल्कि परंपरा और विश्वास से बनते हैं. धर्म की मां और शिष्य का रिश्ता इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. यह रिश्ता त्याग, विश्वास और सम्मान पर आधारित होता है. धर्म की मां अपने शिष्य को सही और गलत की पहचान कराती है. वह उसे बताती है कि समाज में कैसे रहना है, किन नियमों का पालन करना है और किस तरह आत्मसम्मान बनाए रखना है.

समाज के लिए संदेश
किन्नर समाज की यह अनोखी परंपरा हमें यह सिखाती है कि मां सिर्फ जन्म देने वाली ही नहीं होती, बल्कि वह भी मां होती है, जो हमें जीवन जीने का मार्ग दिखाए. यह परंपरा रिश्तों की नई परिभाषा गढ़ती है और यह बताती है कि असली मां का दर्जा सिर्फ खून से नहीं, बल्कि संस्कार और संरक्षण से भी मिलता है.

निष्कर्ष
किन्नर समाज की यह परंपरा समाज के हर वर्ग के लिए सीख है. धर्म की मां का रिश्ता त्याग, समर्पण और आशीर्वाद से भरा हुआ होता है. यह परंपरा दिखाती है कि चाहे दुनिया कितनी भी अलग क्यों न हो, रिश्तों की बुनियाद हमेशा सम्मान और संस्कार पर ही टिकती है.



Source link