बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार अवैध गांजा की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक खेत से 1700 गांजे के पौधे जब्त किए हैं और इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
.
दरअसल, 27 सितंबर 2025 को आठनेर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरखेड़ निवासी रामकिशोर पिता मन्नु उइके (53) अपने खेत में मक्का और तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है।
सूचना मिलने पर आज थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी के खेत की तलाशी ली, जहां से छोटे-बड़े कुल 1700 गांजे के पौधे बरामद किए गए। इन पौधों का कुल वजन लगभग 74 किलोग्राम है।
पुलिस ने मौके से आरोपी रामकिशोर उइके को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक संतोष चौधरी, प्रधान आरक्षक पंकज बटके, आरक्षक मनीष पटेल, बीरबल मीणा, प्रवीण, दिनेश, भीम चंचल, महिला आरक्षक कंचन चौरे और श्वेता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।