बालाघाट-गोंदिया हाईवे एक बार फिर हादसों का मार्ग साबित हुआ है। रविवार को हुए एक सड़क हादसे में मायके से पति के साथ लौट रही एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस घटना में महिला के पति को चोटें आई हैं, जबकि उनका दो वर्षीय बेटा सुरक्षित है।
.
यह घटना लालबर्रा थाना क्षेत्र के डोंगरिया के पास उस समय हुई, जब महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी अजय मोसकुसरे अपनी पत्नी दीपा और बेटे हार्दिक के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल लौट रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल सड़क के बीच खड़ी एक कार से अनियंत्रित होकर टकरा गई।
टकराव के बाद दीपा, अजय और उनका बेटा सड़क पर गिर गए। दीपा के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं और नाक-कान से खून बहने लगा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने दीपा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय का माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोटों का इलाज किया गया।
अजय मोसकुसरे 27 सितंबर को अपनी पत्नी और बेटे के साथ बिरसोला आए थे, जहां उनके साले की शादी का पहला कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे 28 सितंबर को अपने घर लौट रहे थे। इस दुखद घटना से परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया है।

अस्पताल चौकी प्रभारी शिवदयाल पटले ने बताया कि अस्पताल की तहरीर पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मर्ग डायरी घटना से संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जाएगी, जहां से आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बालाघाट-गोंदिया हाईवे पर बीते तीन महीनों में यह तीसरी बड़ी घटना है। इन हादसों में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिससे इस मार्ग की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।