टीम इंडिया रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाने को तैयार है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 का खिताबी मुकाबला खेल रही है. सूर्यकुमार यादव ने इस महाजंग में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. भारत तीन बदलाव के साथ यह मुकाबला खेल रही है. भारतीय कप्तान ने एक ऐसे खिलाड़ी को प्लेइंग-11 में शामिल किया, जो 2019 के बाद से टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए लकीचार्म साबित हुआ है.
टीम इंडिया का लकीचार्म, भारत बनेगा चैंपियन!
दरअसल, हम जिस लकीचार्म की बात करें कर रहे हैं वो खिलाड़ी शिवम दुबे हैं. शिवम दुबे को सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में आराम दिया गया था, जिसके बाद इस महामुकाबले में वापस बुलाया गया. बता दें कि शिवम दुबे दिसंबर 2019 से भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में लकी साबित हुए हैं. शिवम दुबे ने जो पिछले 33 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, उनमें सभी में भारत को जीत मिली है. यह सिलसिला दिसंबर 2019 में शुरू हुआ था, जो अब तक बरकारार है. इसी को देखते हुए फैंस मान रहे हैं कि भारत 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाने जा रहा है.
हार्दिक बाहर… भारत ने किए तीन बदलाव
भारतीय टीम इस मुकाबले में तीन बदलावों के साथ उतरी है. हार्दिक पांड्या इस खिताबी मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं. हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को भी इस मुकाबले से बाहर होना पड़ा है. इनके स्थान पर जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे की वापसी हुई है, जबकि रिंकू सिंह को मौका दिया गया है. पाकिस्तान ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है.
इस टूर्नामेंट में शिवम दुबे का प्रदर्शन
शिवम दुबे के इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 5 मैच खेले हैं. उन्होंने यूएई के खिलाफ शानदार गेंदबाजी से शुरुआत शानदार की, जब सिर्फ 4 रन देकर तीन विकेट लिए थे. बल्ले से उनके लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है. वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 5 विकेट चटकाए हैं. ऐसे में दुबे को पाकिस्तान के खिलाफ इस फाइनल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
टूर्नामेंट में अजेय भारत
भारत एशिया कप 2025 में अब तक अजेय रहा है. टीम इंडिया ने यूएई के खिलाफ 9 विकेट से जीत के साथ अपने ग्रुप स्टेज का शानदार आगाज किया था. इसके बाद पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया. टीम इंडिया ने ओमान के खिलाफ 21 रन से मुकाबला जीता. सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दी. इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला 41 रन से जीता, जबकि श्रीलंका के विरुद्ध सुपर ओवर में जीत दर्ज की.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती.
पाकिस्तान : साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद.