वेस्टइंडीज का एक क्रिकेटर अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में ही बदकिस्मती का शिकार हो गया. दरअसल, यह क्रिकेटर इस मुकाबले में हिटविकेट होकर आउट हुआ, जिससे उनके नाम टी20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत में ही एक अनचाहा रिकॉर्ड नाम कर लिया. दरअसल, यह सब हुआ नेपाल और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में, जहां नेपाल क्रिकेट टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए विंडीज टीम को 19 रन से शिकस्त देकर इतिहास रच दिया.
बदकिस्मती का शिकार ये ऑलराउंडर
दरअसल, नेपाल के खिलाफ इस टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज के Navin Bidaisee ने डेब्यू किया. गेंदबाजी करते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और तीन विकेट चटकाए. हालांकि, 5वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे इस क्रिकेटर ने 22 रन बनाए और बदकिस्मती से हिटविकेट होकर पवेलियन लौटना पड़ा. इसके साथ ही उनके नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया. Navin Bidaisee टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में हिटविकेट होने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं. सबसे पहले ऐसा 2019 में हुआ था, जब यूएसए के Hayden Walsh यूएई के खिलाफ अपने डेब्यू मुकाबले हिटविकेट हो गए थे.
टी20I डेब्यू पर हिट विकेट आउट हुए बल्लेबाज
Hayden Walsh (अमेरिका) vs यूएई, आईसीसीए दुबई, 2019
Hayden Walsh (वेस्टइंडीज) vs नेपाल, शारजाह, 2025
नेपाल ने रचा इतिहास
नेपाल ने दो बार टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम वेस्टइंडीज को इस टी20 इंटरनेशनल मैच में हराकर इतिहास रचा. शारजाह में खेले गए इस मुकाबले में नेपाल ने विंडीज टीम को 19 रन से शिकस्त दी. नेपाल की यह किसी भी फुल मेंबर टीम के खिलाफ पहली टी20 इंटरनेशनल जीत है. पहले टी20 इंटरनेशनल में जीत के साथ नेपाल ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है.
149 रन नहीं बना पाई वेस्टइंडीज
पहले बैटिंग करते हुए नेपाल ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए. टारगेट का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 129 रन ही बना सकी. हैरानी की बात यह है कि विंडीज टीम ने पूरे ओवर खेलकर यह रन बनाए. नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, मैच में टॉप स्कोरर रहने के साथ-साथ शानदार गेंदबाजी भी की. उन्होंने 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. पौडेल ने तीन ओवर की गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 20 रन खर्च कर एक महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाया.