विदिशा में मायके से ससुराल लौट रही एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय पुष्पा राजपूत के रूप में हुई है। पुष्पा की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी, वह चार महीने की गर्भवती थी।
.
जानकारी के अनुसार, पुष्पा पिछले तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी। मायके पक्ष का आरोप है कि उसे उसकी सास दहेज के लिए लगातार परेशान करती थी, जिसके कारण वह मायके में थी। शनिवार को पति भवानी सिंह उसे अष्टमी पूजा का बहाना बनाकर मायके से लेने आया था।
बाइक से गिरने पर हुई थी घायल ससुराल लौटते समय मसीदपुर के पास पुष्पा बाइक से गिरकर घायल हो गई। उसे पहले गंजबासौदा ले जाया गया और बाद में विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई अजय और चाचा हनुमंत सिंह ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुष्पा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। वहीं, पति भवानी सिंह का दावा है कि यह एक हादसा था। उसने बताया कि बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर धक्का लगाते समय पुष्पा गिर गई और उसके सिर में चोट लगी थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के आरोपों और पति के बयान में विरोधाभास के कारण यह मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है।