चाबी लगी गाड़ी चुराने वाला चोर गिरफ्तार: कटनी में 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद – Katni News

चाबी लगी गाड़ी चुराने वाला चोर गिरफ्तार:  कटनी में 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद – Katni News


कटनी। ढीमरखेड़ा पुलिस ने अंतर-जिला वाहन चोरी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग दो लाख रुपये कीमत की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

.

पुलिस ने सोमवार को ग्राम खमतरा निवासी बसंत प्रसाद साहू (30) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। वाहन चोरी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने दो मोटरसाइकिलें उमरिया जिले से और एक मोटरसाइकिल कटनी जिले से चुराई थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बसंत प्रसाद साहू का चोरी करने का तरीका अनोखा था। वह ऐसे दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था, जिनके चालक जल्दबाजी में चाबी लगी छोड़ देते थे। मौका मिलते ही आरोपी उन वाहनों को चुराकर फरार हो जाता था।

बरामद की गई तीन मोटरसाइकिलों में से दो उमरिया जिले के कोतवाली और चंदिया थाना क्षेत्रों से चोरी हुई थीं। तीसरी मोटरसाइकिल कटनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से चुराई गई थी। ढीमरखेड़ा पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त कर लिया है।

गिरफ्तारी के बाद, आरोपी बसंत साहू के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया।



Source link