भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का ट्रांसफर: PWD में अपर सचिव बनाए गए; आईएएस करोड़ी लाल मीणा हाेंगे नए जिलाधिकारी – Bhind News

भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का ट्रांसफर:  PWD में अपर सचिव बनाए गए; आईएएस करोड़ी लाल मीणा हाेंगे नए जिलाधिकारी – Bhind News



भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का स्थानांतरण।

मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार शाम को आईएएस अधिकारियों की नई ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी। इसमें कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। भिंड में खाद्य संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा से विवाद के बाद कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को हटा

.

श्रीवास्तव को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वे पिछले 26 महीनों से भिंड में पदस्थ थे, और अपने कार्यकाल में उन्होंने माफिया विरोधी मुहिम और प्रशासनिक कसावट के लिए व्यापक पहचान बनाई थी।

कड़क कार्यशैली और सख्त प्रशासक की छवि

संजीव श्रीवास्तव ने 31 जुलाई 2023 को भिंड कलेक्टर का कार्यभार संभाला था। दो साल से अधिक समय तक अपने कार्यकाल में उन्होंने अवैध रेत खनन, मिलावटखोरी और गैरकानूनी कारोबार पर सीधी कार्रवाई की। उनकी कार्यशैली का सबसे खास पहलू यह रहा कि वे बिना किसी पुलिस बल के रेत खदानों पर खुद छापेमारी करते थे, जिससे माफिया में खौफ का माहौल बन गया था।

उनके प्रयासों से भिंड जिला प्रदेश में अवैध रेत परिवहन पर सबसे ज्यादा राजस्व वसूली करने वाला जिला बन गया था। यही कारण रहा कि लंबे समय से माफिया समूह उनका ट्रांसफर कराने की कोशिश में लगे थे।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की सख्त पहल

कलेक्टर रहते हुए श्रीवास्तव ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया। सार्थक ऐप के ज़रिए शिक्षकों की हाजिरी की निगरानी शुरू की, जिससे स्कूलों में उपस्थिति बढ़ी और पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार हुआ।

चुनाव प्रबंधन में भी निभाई अहम भूमिका

उनकी प्रशासनिक दक्षता सिर्फ माफिया विरोधी कार्रवाई तक सीमित नहीं रही। विधानसभा और लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए उन्हें एसपी के साथ सरकार द्वारा सम्मानित भी किया गया।

विधायक और कांग्रेस नेताओं से भी हुआ टकराव

संजीव श्रीवास्तव का कार्यकाल राजनीतिक रूप से भी चर्चित रहा। 27 अगस्त को भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से उनके निवास पर हुई बहस ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के सामने भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया था, जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की कोठी से जुड़ा विवाद सामने आया था।

नए कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा को बड़ी जिम्मेदारी

भिंड के नए कलेक्टर के रूप में मिशन मोड में काम करने वाले आईएएस अधिकारी करोड़ी लाल मीणा को जिम्मेदारी दी गई है।



Source link