इंग्लैंड की टीम इस साल नवंबर से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होगी, जहां प्रतिष्ठित एशेज सीरीज खेली जाएगी. 5 मुकाबलों की इस मेगा सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ में होने वाले पहली भिड़ंत के साथ होगी. इंग्लैंड ने अपनी 18 सदस्यीय लायंस टीम का ऐलान किया है, जो एशेज की शुरुआत से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ प्रैक्टिस मैच खेलेगी. इस टीम में इंग्लैंड ने एक ऐसे युवा ऑलराउंडर को चुना है, जो राइट और लेफ्ट दोनों हाथों से गेंदबाजी कर सकता है. इसके अलावा यह ऑलराउंडर बल्लेबाजी करने में भी माहिर है.
इस ऑलराउंडर को मिली जगह
ग्लेमोर्गन के बेन केलावे को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंग्लैंड लायंस ने टीम में शामिल किया गया है. पिछले साल केलावे ने सरे के खिलाफ ग्लेमोर्गन के लिए बाएं और दाएं दोनों हाथों से गेंदबाजी करते हुए विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं. बता दें कि 18 खिलाड़ियों वाली यह लायंस टीम पहले दो एशेज टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में खेलेगी. लायंस नवंबर में पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया में प्रैक्टिस मैच के लिए मुख्य इंग्लैंड टीम से भिड़ेंगे. लायंस पहले और दूसरे एशेज टेस्ट के अलावा पर्थ में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI और ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया A टीम से भी भिड़ेंगे.
ऐसा रहा इस साल प्रदर्शन
21 साल के केलावे ने हाल ही में कार्डिफ यूनिवर्सिटी से बायोमेडिकल साइंसेज में डिग्री पूरी की है. उनके लिए क्रिकेट के लिहाज से 2025 शानदार रहा है. ग्लैमरगन के साथ उनका सीजन शानदार रहा है, जहां उन्होंने न केवल अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए, बल्कि बल्ले से भी सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने केंट के खिलाफ 181 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए अपना पहला काउंटी चैंपियनशिप शतक बनाया. ग्लूस्टरशायर के खिलाफ 6/111 का करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी किया. केलावे ने काउंटी चैंपियनशिप में 54.20 की औसत से 813 रन बनाए हैं और 32.12 की औसत से 25 विकेट भी लिए हैं.
दोनों हाथों से करते हैं गेंदबाजी
पिछले साल अलग-अलग हाथों से गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में उन्होंने विकेट झटके. उनकी इस बॉलिंग का वीडियो वायरल होने के बाद केलावे ने कहा था, ‘(दो हाथों से गेंदबाजी करने के पीछे का विचार यह है कि) मैं खेल में खुद को कैसे अलग दिखा सकता हूं? एक ऑफ-स्पिनर बल्लेबाजी सबसे आम कौशलों में से एक है. इसलिए यह इस बारे में बातचीत थी कि मैं और अधिक अद्वितीय कैसे बन सकता हूं और पिछले साल जब मैंने पहली बार इसे इस्तेमाल किया था, तब से इसमें काफी प्रगति हुई है, लेकिन अभी भी इसमें बहुत लंबा रास्ता तय करना है.’
— Wisden (@WisdenCricket) July 28, 2024
बता दें कि ग्लैमरगन का कोई भी खिलाड़ी 2005 के बाद से इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाया है. केलावे वेल्स से आते हैं, जिसने इंग्लैंड की नेशनल टीम के लिए बहुत ज्यादा क्रिकेटर नहीं दिए हैं.
अब तक का करियर
केलावे के अब तक के क्रिकेट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 17 फर्स्ट क्लास मैचों में 893 रन बनाए हैं और 37 विकेट चटकाए हैं. लिस्ट-ए में इस युवा स्टार ने 14 मुकाबलों में 317 रन और 24 विकेट नाम किए हैं. वहीं, टी20 में 26 मैच खेलकर 340 रन जोड़े हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम 15 विकेट दर्ज हैं. वह अब तक दो शतक जड़ चुके हैं और दोनों ही फर्स्ट क्लास में आए हैं.