मऊगंज जिले के नईगढ़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. आर.के. पाठक ने अपने वाहन से घायलों को अस्पताल लाए हैं। एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर वे खुद बुधवार देर शाम नईगढ़ी थाना क्षेत्र के जुडमानिया गांव पहुंचे।
.
जानकारी के अनुसार, मिसिरगवा निवासी अश्वनी कुमार मिश्रा (63) अपनी बहन निर्मला शुक्ला (48) को डिघौल गांव छोड़ने जा रहे थे। नईगढ़ी-देवतालाब मुख्य मार्ग पर सोनुआ-जुडमानिया के बीच अचानक सामने आए गाय को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डॉ. आर.के. पाठक ने तत्काल 108 एंबुलेंस और 112 पर कॉल किया, लेकिन दोनों नंबर व्यस्त होने के कारण मदद नहीं मिल सकी। बिना देर किए डॉ. पाठक अपने एक स्टाफ के साथ निजी वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जिसमें रास्ते में एक बोलेरो वाहन ने भी सहयोग किया।
अस्पताल पहुंचते ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉ. पाठक ने बताया कि महिला निर्मला शुक्ला को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। वहीं, अश्वनी कुमार मिश्रा का उपचार नईगढ़ी अस्पताल में जारी है।
