जमीन खरीद में धोखाधड़ी, न्यायालय के आदेश पर FIR दर्ज: गिरवाई इलाके में फर्जी दस्तावेज से हुई जमीन की बिक्री, कारोबारी ने की शिकायत – Gwalior News

जमीन खरीद में धोखाधड़ी, न्यायालय के आदेश पर FIR दर्ज:  गिरवाई इलाके में फर्जी दस्तावेज से हुई जमीन की बिक्री, कारोबारी ने की शिकायत – Gwalior News



ग्वालियर में एक कारोबारी को जमीन खरीदने के दौरान तीन ठगों ने 41.50 लाख रुपए लेकर धोखाधड़ी की। ठगी का खुलासा तब हुआ जब कारोबारी को खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने जाने पर पता चला कि जमीन किसी और के नाम पर है।

.

शहर के बलवंत नगर स्थित विवेकानंद कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय महिमा पत्नी राकेश आहूजा कारोबारी हैं। वर्ष 2023 में उनका परिचय रामपाल सिंह तोमर, अशोक कुकरेजा और सुशील बहरानी से हुआ। महिमा के पति को फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन चाहिए थी। इसके लिए इन तीनों से संपर्क किया गया, जिन्होंने गिरवाई इलाके में 15 बिस्वा जमीन दिखाई। जमीन पसंद आने पर 41 लाख 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ और उसी वर्ष रजिस्ट्री भी कराई गई।

लेकिन जमीन पर कब्जा लेने जाने पर पता चला कि यह जमीन किसी और के नाम पर है। जांच में यह भी सामने आया कि रामपाल ने अशोक और सुशील की मदद से खसरे में छेड़छाड़ कर जमीन बेची थी। जब कारोबारी ने ठगों से रुपए वापस मांगे तो उन्होंने पहले आश्वासन दिया, लेकिन बाद में भुगतान से इनकार कर दिया।

महिमा ने विश्वविद्यालय थाना में शिकायत की, लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का रुख किया। दो साल के इंतजार के बाद अदालत ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को मामले में जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपितों में से रामपाल प्रॉपर्टी डीलर है और अन्य दोनों उसके सहयोगी हैं। फिलहाल उनकी भूमिकाओं की जांच की जा रही है।



Source link