शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जमुई हेलीपैड के पास स्थित तालाब में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया था। सूचना मिलने पर SDRF की टीम ने तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला।
.
पुलिस के अनुसार, चापा गांव निवासी 35 वर्षीय भूरा सिंह गोड अपने साथियों के साथ जमुई हेलीपैड के पास स्थित तालाब में नहाने आया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन तालाब में पानी अधिक होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। सोहागपुर थाने से SDRF को इसकी जानकारी दी गई।
जानकारी मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तालाब से युवक का शव बाहर निकाला। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान भूरा सिंह गोड (35) के रूप में हुई है।