मऊगंज की एक महिला शबनम खान साइबर फ्रॉड की शिकार हो गईं। उन्होंने बुधवार को इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की है।
.
फरियादी शबनम खान ने बताया कि उन्होंने इसाक स्मॉल फाइनेंस बैंक मऊगंज से ₹55,000 का लोन लिया था, जिसमें से ₹52,661 उनके खाते में आए थे। इसी दौरान 29 सितंबर को एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर उन्हें फोन किया।
आरोपी ने महिला से कहा कि लोन प्रक्रिया में उनके आधार कार्ड से नाम मैच नहीं हो रहा है, इसलिए उन्हें लोन की पूरी राशि तुरंत वापस करना होगी। आरोपी ने महिला को घर आकर सार्वजनिक रूप से धोखाधड़ी का आरोपी बनाने की धमकी दी, जिससे महिला डर गई। डर के कारण शबनम खान ने आरोपी के कहने पर कुल ₹34,520 तीन किस्तों में ट्रांसफर कर दिए।
- पहली किस्त: ₹9,820
- दूसरी किस्त: ₹19,700
- तीसरी किस्त: ₹5,000
रकम भेजने के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया। पीड़ित शबनम खान ने एएसपी विक्रम सिंह को आवेदन देकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने साइबर टीम को तत्काल मामले की जानकारी देते हुए जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने जनता से एक बार फिर अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और ऐसे मामलों में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
