भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशिया कप मुकाबलों में जमकर विवाद हुआ. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टोली के हाथ ना मिलाने वाला विवाद फाइनल में ट्रॉफी न मिलने तक चला गया. हैंडशेक विवाद ने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा. इसी बीच भारत और पाकिस्तान महिला टीम के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर चर्चा तेज है. आपसी संबंध खराब होने की वजह से दोनों देशों के बीच यह मैच कोलंबो में खेला जाएगा. गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान की महिला खिलाड़ी पुरुष टीम की राह पर चलेंगी या नहीं.
जीत के साथ किया आगाज
भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे विश्व कप के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की. 30 सितंबर को हुए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 59 रनों से करारी शिकस्त दी. जीत की हीरो रही अनुभवी खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया. उनका साथ अमनजोत कौर ने दिया. उन्होंने 8वें नंबर पर आकर टीम के लिए बहुमूल्य पारी खेली. भारत की कसी हुई गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की एक ना चली और 211 रनों पर ढेर हो गई. इसी के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया.
हरमनप्रीत कौर की सोच
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मामले पर अपना पक्ष साफ रखते हुए कहा, ‘हमारा केवल एक चीज पर ध्यान पर होगा. वह है क्रिकेट खेलना और हम दूसरी चीजों के बारे में नहीं सोच रहे हैं. ना ही हम ड्रेसिंग रूम उन मामलों के बारे में चर्चा करते हैं. बीसीसीआई ने भी बताया है की टीम को कोई खास प्रोटोकॉल नहीं है. क्योंकि यह एक आईसीसी इवेंट है. इसलिए खेल भावना को ध्यान में रखना ही हमारी प्राथमिकता होगी.’
ICC के प्रोटोकॉल
आईसीसी इवेंट में उनके खुद के प्रोटोकॉल होते हैं. उनके नियम के हिसाब से खेलने वाली टीम टॉस के समय आपस में हाथ मिलाती है. यही नहीं मैच के समाप्ति के बाद खिलाड़ी सपोर्ट स्टॉफ से भी हाथ मिलाते हैं. ऐसा ना करने पर क्या सजा मिलती है इसपर कुछ साफ नहीं है. ऐसे में देखने दिलचस्प होगा रविवार को दोनों टीमें हाथ मिलाती हैं या नहीं.