हरदा जिले में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्थानीय वृद्धाश्रम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया और कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने वृद्धजनों का माल्यार्पण कर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में वृद्
.
कलेक्टर बोले- बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा पूरी श्रद्धा और समर्पण से की जा रही है, और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि जैसे वे अपने माता-पिता की सेवा करते हैं, वैसे ही वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सेवा और सहयोग में भी आगे आएं। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं।
नपाध्यक्ष बोलीं- बच्चों को सेवा-संस्कार घर से ही मिलते हैं
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया ने कहा कि हमारे देश में बुजुर्गों की सेवा और सम्मान की परंपरा रही है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वृद्धजनों को वृद्धाश्रम भेजने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जो सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब हम बुजुर्गों का सम्मान करेंगे, तभी हमारे बच्चे भी हमसे वही सीखेंगे। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से कहा कि किसी भी जरूरत के समय वे बेहिचक नगर पालिका से संपर्क करें, हर संभव मदद की जाएगी।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। आयोजकों ने बताया कि बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही समाज सही दिशा में आगे बढ़ सकता है।

खेल प्रतियोगिताओं में बुजुर्गों का जोश
इस खास मौके पर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के लिए चेयर रेस और नींबू-चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया।
चेयर रेस में पुरुष वर्ग में सुंदरलाल मालवीय और महिला वर्ग में कांति बाई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं नींबू-चम्मच दौड़ में पुरुष वर्ग के विजेता रामभरोस मौर रहे और महिला वर्ग में शारदा बाई ने जीत दर्ज की। सभी विजेताओं को नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए।

वृद्धजनों के सम्मान से मिली प्रेरणा
कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और भावुकता से भरा रहा। बुजुर्गों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें समाज का अपनापन महसूस होता है। आयोजन में नगर पालिका, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमा प्रदान की।